कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की शुरुआत आईपीएल 2026 में निराशाजनक हुई है। तीन मुकाबलों के बाद भी केकेआर को इस सीजन की अपनी पहली जीत की तलाश है। तीन बार की चैंपियन केकेआर के सामने कई परेशानियां नजर आ रही हैं, जिसका हल अगर समय रहते नहीं खोजा गया, तो टीम को खामियाजा भुगतना पड़ सकता है।
सलामी जोड़ी की समस्या: केकेआर के लिए इस सीजन पारी का आगाज फिन एलन और अजिंक्य रहाणे करते हुए नजर आए हैं। एलन ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी कर रहे हैं, लेकिन रहाणे की फॉर्म चिंता का विषय है। कुछ दमदार शॉट्स लगाने के बाद रहाणे पावरप्ले में काफी धीमे पड़ जा रहे हैं। वहीं, एलन शुरुआत तो धमाकेदार अंदाज में कर रहे हैं, लेकिन अब तक वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे हैं।
कैमरून ग्रीन की खराब फॉर्म: केकेआर ने ऑक्शन में कैमरून ग्रीन के लिए 25.20 करोड़ रुपये खर्च किए थे। हालांकि, ग्रीन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा बताई गई उनकी पीठ की इंजरी और वर्कलोड मैनेजमेंट के नाम पर शुरुआती मुकाबलों में गेंदबाजी नहीं कर रहे हैं। इसके साथ ही बल्लेबाजी में भी नंबर तीन पर खेलते हुए कोई खास कमाल नहीं दिखा पा रहे हैं। 3 मुकाबलों के बाद ग्रीन के बल्ले से सिर्फ 24 रन निकले हैं।