पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर लगातार दूसरे मैच में धीमी ओवर रेट की वजह से जुर्माना लगाया गया है। चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के खिलाफ एम.ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए मैच में पंजाब किंग्स निर्धारित समय में 20 ओवर नहीं फेंक सकी। इस वजह से पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर पर जुर्माना लगाया गया।
आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "चूंकि यह आईपीएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.22 के तहत इस सीजन में उनकी टीम का दूसरा उल्लंघन था, जो न्यूनतम ओवर-रेट अपराधों से संबंधित है, अय्यर पर 24 लाख का जुर्माना लगाया गया। इम्पैक्ट प्लेयर सहित प्लेइंग इलेवन के बाकी सदस्यों पर या तो छह लाख या उनकी मैच फीस का 25 प्रतिशत, जो भी कम हो, जुर्माना लगाया जाएगा।"
पंजाब किंग्स का सीजन का पहला मुकाबला 31 मार्च को गुजरात टाइटंस के खिलाफ खेला गया था। इस मैच में भी पंजाब किंग्स जीती थी, लेकिन गेंदबाजी के दौरान पंजाब का ओवर रेट धीमा रहा था। मैच के बाद पंजाब के कप्तान श्रेयस अय्यर पर 12 लाख का जुर्माना लगाया गया था।