आईपीएल 2026 के 11वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से होगा। दोनों टीमों के बीच होने वाले इस मुकाबले की मेजबानी बेंगलुरु का एम. चिन्नास्वामी क्रिकेट स्टेडियम करेगा। आरसीबी ने टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया है। वहीं, सीएसके अपने दोनों शुरुआती मुकाबले हारी है।
आरसीबी ने आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया था। सनराइजर्स हैदराबाद से मिले 202 रनों के लक्ष्य को आरसीबी ने सिर्फ 15.4 ओवर में 4 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया था। टीम की ओर से विराट कोहली बेहतरीन लय में दिखाई दिए थे और उन्होंने 38 गेंदों में 69 रनों की दमदार पारी खेली थी। अपनी इस पारी में कोहली ने पांच चौके और 5 छक्के लगाए थे। वहीं, देवदत्त पडिक्कल ने महज 26 गेंदों में 61 रन बनाए थे। हालांकि, जैकब डफी को छोड़कर टीम के अन्य गेंदबाजों का प्रदर्शन जरूर पहले मुकाबले में कुछ खास नहीं रहा था।
दूसरी ओर, चेन्नई सुपरकिंग्स आईपीएल 2026 में लगातार दो मैच हार चुकी है। टूर्नामेंट के अपने पहले मुकाबले में सीएसके को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी जबकि दूसरे मुकाबले में पंजाब किंग्स ने चेन्नई सुपरकिंग्स को 5 विकेट से हराया था। सीएसके का कमजोर गेंदबाजी अटैक टीम के लिए चिंता का विषय है। पंजाब के खिलाफ स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगाने के बावजूद टीम के गेंदबाज लक्ष्य का बचाव करने में नाकाम रहे थे। मैट हेनरी दोनों ही मुकाबलों में काफी महंगे साबित हुए हैं। वहीं, टीम के स्पिनर्स का भी जादू नहीं चल सका है।