आईपीएल 2026: एसआरएच को झटका, तेज गेंदबाज डेविड पायने शेष सीजन से बाहर (Image Source: IANS)
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) को बड़ा झटका लगा है। टीम के तेज गेंदबाज डेविड पायने टखने में चोट के कारण शेष सीजन से बाहर हो गए हैं। फिलहाल टीम ने उनके रिप्लेसमेंट की घोषणा नहीं की है।
फ्रेंचाइजी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पायने के बाहर होने की पुष्टि करते हुए लिखा, "डेविड पायने टखने की चोट लगने के बाद टाटा आईपीएल 2026 से बाहर हो गए हैं। हम उनके जल्द ठीक होने की कामना करते हैं।"
इंग्लैंड के लिए एकमात्र वनडे मैच खेलने वाले पायने ने अब तक ज्यादातर घरेलू क्रिकेट ही खेला है। वह आईपीएल 2026 की नीलामी में अनसोल्ड रहे थे, लेकिन तेज गेंदबाज जैक एडवर्ड्स के चोटिल होने के बाद उन्हें बतौर रिप्लेसमेंट एसआरएच की टीम में शामिल किया गया, जिसकी वजह बिग बैश लीग (बीबीएल) में उनका शानदार प्रदर्शन था।