आईपीएल 2026 में शुक्रवार को लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के लिए आकाश महाराज सिंह ने अपना पहला मैच खेला। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने अपने पहले मैच में ही प्रभावी गेंदबाजी की और 4 ओवर में 26 रन देकर 3 विकेट लिए। विकेट लेने का जश्न मनाते हुए आकाश को पॉकेट से पर्चा निकालते हुए देखा गया।
सीएसके की पारी समाप्त होने के बाद उस नोट के बारे में आकाश ने कहा, "मेरा मानना हमेशा से सिंपल रहा है—अगर आपकी वर्क एथिक और मानसिकता मजबूत है, तभी आप हावी हो सकते हैं। मुझे लगता है कि यह मुझे मोटिवेट करता है। इसके पीछे कोई गहरी कहानी नहीं है। मैंने कुछ ऐसा लिखा था जैसे ‘अक्की को टी20 क्रिकेट में विकेट लेना आता है।' यह मुझे गेम के दौरान मोटिवेट करता है। कभी-कभी ये चीजें काम करती हैं, कभी-कभी नहीं, लेकिन अगर कोई चीज मुझे मोटिवेटेड रहने और बेहतर परफॉर्म करने में मदद करती है, तो मैं उसे करने को तैयार हूं। मेरे लिए यही सबसे ज्यादा मायने रखता है।"
उन्होंने कहा, "मुझे पता है कि मैं खुद को अच्छी तरह से एक्सप्रेस करता हूं, और लोग भी मुझसे यही कहते हैं। सच कहूं तो, यह उस माहौल के बारे में है जो आप अपने आसपास बनाते हैं। मैं यह समझने में समय बिताता हूं कि चैंपियन कैसे सोचते हैं और कैसे कड़ी मेहनत करते हैं।"