New Zealand: न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर और अब ब्रॉडकास्टर साइमन डूल ने 2018 में भारत के दो युवा बल्लेबाजों को लेकर बड़ा बयान दिया था। उन्होंने उस समय कहा था कि शुभमन गिल का भारत के लिए खेलते हुए करियर पृथ्वी शॉ से ज्यादा लंबा होगा।
अब तक की बात करें तो, साइमन डूल की भविष्यवाणी काफी हद तक सच साबित हुई है। शुभमन गिल ने भारत की पहली पारी के 263 रन के स्कोर में 90 रन की पारी खेली। उनकी इस पारी के बदौलत भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चल रहे तीसरे टेस्ट मैच में 28 रन की बढ़त हासिल की।
पृथ्वी शॉ और शुभमन गिल उस समय कप्तान और उपकप्तान थे, जब भारत ने न्यूजीलैंड में 2018 अंडर 19 विश्व कप जीता था। इसके बाद उसी साल शॉ ने राजकोट में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट डेब्यू पर शतक बनाया, जबकि गिल को टेस्ट क्रिकेट के मैदान में उतरने में समय लगा, लेकिन अब उन्होंने भारत के लिए सभी प्रारूपों में खुद को मजबूती से स्थापित कर लिया है। जबकि पृथ्वी शॉ लंबे समय से टीम से बाहर हैं।