मुंबई इंडियंस और गुजरात टाइटंस एक-दूसरे को 'एलिमिनेट' करने के इरादे से शुक्रवार को यहां आईपीएल के एलिमिनेटर मुकाबले में उतरेंगे। आईपीएल 2025 का एलिमिनेटर मुकाबला सिर्फ जीत का नहीं, बल्कि इतिहास बदलने का भी है। मुंबई ने आज तक एलिमिनेटर से फाइनल का सफर तय नहीं किया, जबकि गुजरात इस सीजन में मुंबई को दो बार हरा चुकी है। शुभमन गिल और साई सुदर्शन की रिकॉर्ड तोड़ जोड़ी, प्रसिद्ध कृष्णा की घातक गेंदबाजी और सूर्यकुमार यादव की लाजवाब फॉर्म इस मुकाबले को बेहद रोमांचक बना रही है। आइए इस मैच से जुड़े कुछ बेहद अहम आंकड़ों पर नजर डालते हैं।
मुंबई के लिए एलिमिनेटर से फाइनल की डगर बहुत कठिन
पांच बार की चैंपियन मुंबई ने कभी भी एलिमिनेटर खेलने के बाद फाइनल में जगह नहीं बनाई है। उन्होंने इससे पहले चार एलिमिनेटर मैच खेले हैं, जिनमें से दो जीते (2011, 2023) और दो हारे (2012, 2014)। हालांकि जीतने के बाद भी वे क्वालीफायर 2 में हार गए, जिससे चारों मौकों पर फाइनल में पहुंचने में नाकाम रहे। ऐसे भी गुजरात की टीम मुंबई पर एक महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक बढ़त रखती है। गुजरात का मुंबई के खिलाफ ओवरऑल हेड-टू-हेड रिकॉर्ड 5-2 का है, जिसमें उन्होंने इस सीजन में मुंबई को दो बार हराया है। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि गुजरात ने आईपीएल 2023 में अहमदाबाद में क्वालीफायर 2 में भी मुंबई को बाहर कर दिया था।