आईपीएल 2026 में शुक्रवार की शाम पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) और अपने पहले खिताब की तलाश में लगी पंजाब किंग्स के बीच मैच एम. ए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। पंजाब ने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के दम पर सीएसके को 5 विकेट से हरा दिया। पंजाब की जीत की मजबूत बुनियाद सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने शुरुआती ओवरों में ही अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कर दी थी। प्रियांश को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
मैच के बाद प्रियांश आर्या ने कहा, "मेरा खेलने का अंदाज बचपन से ऐसा ही रहा है। जब भी मुझे लगता है कि इससे टीम को फायदा होगा, मैं वैसे ही खेलता हूं। थोड़ा जोखिम लेना होता है। मुझे खुद पर भरोसा होता है कि अगर मैं पहली गेंद पर हिट कर सकता हूं, तो मैं उसे हिट कर दूंगा। इस स्तर पर थोड़े अनुभवी गेंदबाज जरूर मिलते हैं, लेकिन मुझे अपनी काबिलियत पर भरोसा है और इसका अच्छा परिणाम मिलता है।"
प्रियांश ने कहा, "मुझे बल्लेबाजी पसंद है, इसलिए मैं बहुत अभ्यास करता हूं। दिन में दो सत्र में बल्लेबाजी करता हूं। प्रत्येक सत्र डेढ़ घंटे का होता है।"