बांग्लादेश और न्यूजीलैंड के बीच सोमवार को वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला ढाका के शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की पूरी टीम 48.4 ओवर में 198 रन बनाकर ऑल आउट हुई।
दूसरे वनडे में न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। हेनरी निकोल्स 26 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 13 रन बनाकर आउट हुए। वहीं, विल यंग भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 2 रन बनाकर नाहिद राणा का शिकार बने। कप्तान टॉम लाथम इस मुकाबले में भी फ्लॉप रहे और उन्होंने 35 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 14 रन बनाए।
हालांकि, इसके बाद चौथे विकेट के लिए मोहम्मद अब्बास और निक केली ने 56 रन जोड़े। अब्बास 34 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, निक केली ने एक छोर संभाले रखा और उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया। केली ने 102 गेंदों का सामना करते हुए 83 रनों की दमदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 14 चौके लगाए। डीन फॉक्सक्रॉफ्ट भी कुछ खास प्रभाव नहीं छोड़ सके और 15 रन बनाकर आउट हुए। नाथन स्मिथ ने 23 गेंदों में नाबाद 18 रन बनाए। वहीं, ब्लेयर टिकनर ने 11 गेंदों में 12 रन बनाए।