बैटिंग ऑलराउंडर सैफ जैब ने 13 साल बिताने के बाद नॉर्थम्पटनशायर क्लब को छोड़ने का फैसला किया है। 28 वर्षीय खिलाड़ी के अनुबंध (कॉन्ट्रैक्ट) में अभी एक साल शेष था, लेकिन इससे पहले ही उन्होंने क्लब छोड़ने का फैसला किया। रिपोर्ट के अनुसार, वह हैम्पशायर से जुड़ने की तैयारी कर रहे हैं।
जैब ने साल 2014 में नॉर्थम्पटनशायर (नॉर्थेंट्स) के साथ अपने 'लिस्ट ए' करियर की शुरुआत की थी और वे क्लब के लिए 200 से ज्यादा मैच खेल चुके हैं। सैफ ने क्लब को सूचित किया है कि वे 2026 सीजन के बाद टीम छोड़ देंगे।
नॉर्थम्पटनशायर के साथ बिताए समय को याद करते हुए जैब ने कहा कि उनके लिए इस टीम की तरफ से खेलना सम्मान की बात रही है। नॉर्थम्पटनशायर के हवाले से जैब ने कहा, "नॉर्थम्पटनशायर काउंटी क्रिकेट क्लब का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सच में सम्मान की बात है। खासकर इसलिए क्योंकि यह क्लब इतने लंबे समय से मेरी जिंदगी का एक बड़ा हिस्सा रहा है। यहां बिताए गए पलों, पनपने वाली दोस्ती और मिले अनुभवों के लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा। मैं समर्थकों से कहना चाहूंगा – इतने वर्षों तक आपने मुझे जो प्यार और समर्थन दिया है, उसके लिए तहे दिल से शुक्रिया। यह मेरे लिए बहुत मायने रखता है, और आपके साथ उन खास पलों को साझा करना एक ऐसी चीज है जिसे मैं हमेशा संजोकर रखूंगा।"