पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए) की तरफ से न्यू चंडीगढ़ स्टेडियम में नवनिर्वाचित मानद सचिव गुरमीत सिंह मीत हेयर की अगुवाई में एक परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई।
पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन की इस बैठक में पंजाब भर की विभिन्न जिला क्रिकेट एसोसिएशनों के प्रतिनिधियों और सचिवों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर मीत हेयर ने सभी सदस्यों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए जमीनी स्तर पर क्रिकेट के विकास के लिए उनके प्रयासों की सराहना की।
मीत हेयर ने जोर देते हुए कहा कि खिलाड़ियों की चयन प्रक्रिया पारदर्शी और पूरी तरह मेरिट के आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए और जब खिलाड़ियों को मेरिट के आधार पर अवसर मिलेंगे, तभी बेहतर परिणाम सामने आएंगे। उन्होंने विभिन्न जिलों में क्रिकेट के विकास से संबंधित चल रहे कार्यों और प्रगति की समीक्षा भी की और राज्य में क्रिकेट ढांचे को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयासों के महत्व पर जोर दिया।