भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव देवजीत सैकिया ने गुवाहाटी के बरसापारा स्टेडियम के मैदानकर्मियों की जमकर तारीफ की है। दरअसल, पिछले कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश की वजह से मैदान की स्थिति काफी खराब थी और राजस्थान रॉयल्स व चेन्नई सुपरकिंग्स के बीच होने वाला मुकाबला तय समय पर शुरू होना मुश्किल नजर आ रहा था। हालांकि, मैदानकर्मियों की कड़ी मेहनत के चलते मैच समय पर शुरू हुआ और ग्राउंड पर किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आई।
बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम के मैदानकर्मियों की प्रशंसा करते हुए देवजीत सैकिया ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, "पर्दे के पीछे के गुमनाम हीरोज को सलाम। पिछले कई दिनों से लगातार बारिश और तय समय से लगभग एक घंटे पहले तक बौछारें पड़ने के बावजूद बरसापारा स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मैच ठीक समय पर शुरू हुआ।
यह शानदार कामयाबी हमारे क्यूरेटर और मैदानकर्मियों के समर्पण, विशेषज्ञता और बिना थके कोशिशों का सबूत है। उनकी कार्यकुशलता ने यह पक्का किया कि खेलने के हालात सभी मुश्किलों के बावजूद मैच के लिए तैयार थे। चाहे बारिश हो या फिर धूप, इन चुपचाप योगदान देने वालों को एक बड़ा सलाम जो खेल को मुमकिन बनाते हैं।"