बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) की तीन प्रतिभाशाली महिला क्रिकेटर मैत्री मनियार, विधि परमार और अक्षरा तिवारी का आगामी अंडर-19 महिला टी20 त्रिकोणीय सीरीज के लिए भारतीय टीम में चयन हुआ है।
यह सीरीज 10 से 22 नवंबर के बीच आयोजित होगी, जिसमें भारत की अंडर-19 महिला ए टीम, भारत की अंडर-19 महिला बी टीम और नेपाल की अंडर-19 महिला टीम हिस्सा लेंगी।
एक साथ बड़ौदा की तीन महिला क्रिकेटरों का भारतीय टीम में चयन होने से बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन सहित पूरे वडोदरा के क्रिकेट जगत में खुशी और गर्व का माहौल है। इस उपलब्धि पर बड़ौदा क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रणव अमीन ने तीनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा, "बड़ौदा की तीन महिला क्रिकेटर्स का भारतीय अंडर-19 टीम में चयन होना पूरे बड़ौदा क्रिकेट परिवार के लिए बेहद गर्व और खुशी की बात है। यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, समर्पण और खेल के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है। बड़ौदा के युवा क्रिकेटर लगातार राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित कर रहे हैं, जो हम सभी के लिए गर्व की बात है। मैत्री, विधि और अक्षरा को आगामी सीरीज के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएं। उम्मीद है कि वे इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर शानदार प्रदर्शन करेंगी और बड़ौदा के साथ देश का नाम रोशन करेंगी।"