समोआ ने लगातार दूसरी बार आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप का टिकट हासिल कर लिया है। सोमवार को ईस्ट एशिया-पैसिफिक क्वालिफायर 2026 को जीतकर समोआ की टीम ने विश्व कप में अपनी जगह पक्की कर ली है।
समोआ की टीम का प्रदर्शन टूर्नामेंट में शानदार रहा। ओलिव लेफागा लेमो की अगुवाई में टीम टूर्नामेंट में अजेय रही। समोआ ने फिजी, इंडोनेशिया, वानुअतु और मेजबान टीम को हराकर ट्रॉफी जीती। समोआ ने आखिरी दिन फिजी को हराकर अपना कैंपेन खत्म किया और वर्ल्ड कप टिकट हासिल किया। फिजी के खिलाफ टीम की गेंदबाजों ने 131 रनों का बचाव किया। समोआ की ओर से वाओला गेब्रियल ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर के स्पेल में सिर्फ 19 रन देकर 4 विकेट चटकाए। वहीं, हरदिया पड्डा ने तीन ओवर के स्पेल में महज 9 रन देकर 2 विकेट निकाले। फिजी की बल्लेबाजों ने समोआ के मजबूत गेंदबाजी अटैक के सामने आसानी से घुटने टेक दिए और पूरी टीम सिर्फ 72 रन बनाकर ढेर हो गई।
2024 में अंडर-19 वर्ल्ड कप में समोआ टीम की कप्तानी करने वालीं अवेटिया मापू का प्रदर्शन बल्ले से दमदार रहा। उन्होंने 62 गेंदों का सामना करते हुए 67 रनों की बेहतरीन पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 5 चौके और 2 छक्के लगाए। हालांकि, समोआ की अन्य बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा सकीं। मापू के अलावा नॉरा सलिमा ने 12 रन बनाए।