भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल-2 में अफगानिस्तान को 7 विकेट से मात देकर फाइनल में प्रवेश किया। टीम इंडिया ने 311 रनों के लक्ष्य को हासिल करते हुए इतिहास भी रच दिया। यह अंडर-19 वर्ल्ड कप में सफलतापूर्वक चेज किया गया सबसे बड़ा टारगेट था।
बुधवार को हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी अफगान टीम ने 4 विकेट खोकर 310 रन बनाए। इसके जवाब में भारत ने 41.1 ओवरों में जीत हासिल कर ली। इसी के साथ टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने साल 2006 में आयरलैंड के विरुद्ध 305 रन का टारगेट हासिल कर लिया था।
इस लिस्ट में साउथ अफ्रीका तीसरे पायदान पर है, जिसने बांग्लादेश के विरुद्ध साल 2022 में 294 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दर्ज की थी। वेस्टइंडीज की टीम साल 2010 में श्रीलंका के खिलाफ 292 रन का सफलतापूर्वक पीछा कर चुकी है।