New Delhi: साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान ग्रीम स्मिथ का मानना है कि राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 के असली सुपरस्टार खिलाड़ी बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि वह यह देखने के लिए काफी उत्साहित हैं कि इस सीजन के बाकी मुकाबलों में वैभव कैसा प्रदर्शन करेंगे।
वैभव सूर्यवंशी की उम्र अभी सिर्फ 15 साल और 12 दिन है। मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में उनका प्रदर्शन शानदार रहा था। वैभव ने जसप्रीत बुमराह के खिलाफ खेली पहली ही गेंद पर सिक्स लगाया था। आईपीएल 2026 में वैभव अब तक तीन पारियों में 248 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 122 रन बना चुके हैं।
वैभव को लेकर स्मिथ ने अपने ब्लॉग में लिखा, "आईपीएल ठीक वैसे ही शुरू हुआ है जैसा मैंने सोचा था - सपाट पिचों और ज्यादा स्कोर वाले मैचों के साथ। हमेशा की तरह यह देखना दिलचस्प है कि रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे पुराने दौर के सुपरस्टार कैसा प्रदर्शन करते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी का प्रदर्शन शुरुआती टूर्नामेंट में देखने लायक रहा है। उन्होंने पहले ही गेंद से ही जोरदार शॉट लगाने की अपनी काबिलियत दिखा दी है। एक युवा खिलाड़ी के तौर पर वह इस टूर्नामेंट के दौरान एक असली सुपरस्टार बन सकते हैं और मैं यह देखने के लिए बहुत उत्साहित हूं कि वह कैसा प्रदर्शन करते हैं।"