करीब 4 साल तक आईसीसी के जनरल मैनेजर (क्रिकेट) का जिम्मा संभालने के बाद वसीम खान यह पद छोड़ने जा रहे हैं। वसीम ने मई 2022 में जेफ एलार्डिस की जगह ली थी, जब एलार्डिस ने आईसीसी में सीईओ का पद संभाला था। आईसीसी में आने से पहले वसीम करीब 3 साल तक पीसीबी के सीईओ रह चुके थे।
वसीम जून के अंत में अपना कार्यकाल समाप्त करेंगे और जुलाई से नई भूमिका संभालने वाले हैं। उनका जाना पिछले दो वर्षों में आईसीसी के कई वरिष्ठ अधिकारियों के बाहर होने के बाद हो रहा है। इनमें जेफ एलार्डिस भी शामिल हैं, जिनकी जगह संजोग गुप्ता ने सीईओ पद संभाला। इसके अलावा क्रिस टेटली (हेड ऑफ इवेंट्स) और एलेक्स मार्शल भी जा चुके हैं। टेटली की जगह गौरव सक्सेना और मार्शल की जगह एंड्रयू एफग्रेव को नियुक्त किया गया है।
वसीम ब्रिटेन में जन्मे ऐसे पहले मुस्लिम खिलाड़ी थे, जिन्होंने काउंटी क्रिकेट खेला। वसीम ने 90 के दशक के मध्य से लेकर अंत तक वारविकशायर की तरफ से क्रिकेट खेला था। बाएं हाथ के बल्लेबाज के तौर पर उन्होंने वारविकशायर, ससेक्स और डर्बीशायर के लिए 58 फर्स्ट-क्लास मैच और 30 लिस्ट-ए मुकाबले खेले। इस दौरान वसीम साल 1995 में वारविकशायर के काउंटी चैंपियनशिप जीतने वाले अभियान में भी टीम का हिस्सा थे।