SL vs ENG, ODI Tri-Series 2026: श्रीलंका के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज कुसल मेंडिस (Kusal Mendis) इंग्लैंड के खिलाफ वनडे ट्राई सीरीज के मुकाबले में शतक से महज 11 रन दूर रह गए। गुरुवार (29 अक्टूबर) को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मैच में मेंडिस अच्छी लय में नजर आ रहे थे, लेकिन इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट (Joe Root) की गेंद पर वह अपना विकेट गंवा बैठे।
तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे मेंडिस इस मैच में 70 गेंदों में 89 रन बना चुके थे और पवन रत्नायके के साथ तीसरे विकेट के लिए 50 गेंदों में 80 रन जोड़ दिए थे। श्रीलंका को एक अहम साझेदारी मिल चुकी थी और मेंडिस के शतक की उम्मीदें भी बढ़ने लगी थीं। ऐसे में विकेट की तलाश कर रहे इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने 27वें ओवर में जो रूट को गेंद थमाकर एक अलग चाल चली।
रूट ने ओवर की दूसरी गेंद राउंड आर्म एक्शन से फेंकी, जो तेजी से नीचे की ओर लेग स्टंप की तरफ गई। मेंडिस ने स्वीप शॉट खेलने के लिए घुटने मोड़े, लेकिन गेंद उनके बल्ले के नीचे से निकलती हुई विकेटकीपर जॉर्डन कॉक्स के दस्तानों में चली गई। इंग्लैंड के खिलाड़ियों को लगा कि गेंद बल्ले का किनारा लेकर गई है, इसलिए उन्होंने जोरदार अपील की। हालांकि, फील्ड अंपायर ने उनकी अपील खारिज कर दी।