Matthew Breetzke Celebration After Marnus Labuschagne Wicket: क्रिकेट के मैदान पर शानदार कैच, बेहतरीन गेंद और बड़ी पारियां तो अक्सर चर्चा में रहती हैं, लेकिन कई बार खिलाड़ियों का अनोखा अंदाज भी सुर्खियां बटोर लेता है। ऐसा ही कुछ साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन के न्यूलैंड्स क्रिकेट ग्राउंड में खेले जा रहे तीसरे और निर्णायक टेस्ट मुकाबले में देखने को मिला।
दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी के दौरान उनके मध्य क्रम के बल्लेबाज मार्नस लाबुशेन ज्यादा देर क्रीज पर नहीं टिक सके। वह महज 5 गेंदों का सामना करने के बाद बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। साउथ अफ्रीका के स्पिनर साइमन हार्मर की गेंद पर लाबुशेन ने ऑफ स्टंप के बाहर शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले का किनारा लेकर स्लिप की ओर चली गई। वहां खड़े एडेन मार्करम ने शानदार कैच लपककर ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज की पारी का अंत कर दिया।
लाबुशेन का विकेट गिरते ही मैथ्यू ब्रीट्ज़के ने अपने अनोखे सेलिब्रेशन से सबका ध्यान खींच लिया। वह पिच पर कंगारू की तरह उछलते हुए नजर आए और इस दौरान उनकी नजर लाबुशेन की तरफ थी। उनके इस अंदाज ने मैदान पर मौजूद दर्शकों को हंसने का मौका दिया, जबकि सोशल मीडिया पर फैंस भी इस अनोखे सेलिब्रेशन की चर्चा करने लगे।