लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के कप्तान ऋषभ पंत ने आईपीएल 2026 की शुरुआत से पहले भारतीय टीम के दिग्गज ऑलराउंडर रहे युवराज सिंह के साथ कुछ समय बिताया था। अपने खेल की खामियों को दूर करने पर काम किया था। पूर्व ऑलराउंडर इरफान पठान ने कहा है कि पंत के साथ काम करते समय युवराज का मुख्य जोर उनकी मानसिक मजबूती बढ़ाने पर था।
इरफान पठान ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, "ऋषभ पंत के साथ काम करते समय युवराज का मुख्य जोर उनकी बल्लेबाजी तकनीक पर नहीं, बल्कि लंबी और गहन चर्चाओं के जरिए उनकी मानसिक मजबूती बढ़ाने पर था। इसके साथ ही, युवराज ने इस बात पर भी जोर दिया कि पंत जैसे विकेटकीपर-बल्लेबाज को नंबर 3 पर ही खिलाया जाना चाहिए, ताकि पावरप्ले के दौरान वह अपनी बल्लेबाजी का ज्यादा से ज्यादा असर दिखा सकें।"
उन्होंने कहा, "यह बहुत जरूरी है कि ऋषभ पंत को पावरप्ले के दौरान बैटिंग करने का मौका मिले। निकोलस पूरन ने उनके लिए नंबर 3 पर बैटिंग की है, लेकिन ऋषभ पंत की बैटिंग की जगह नंबर 3 पर पक्की होनी चाहिए, ताकि उन्हें पावरप्ले में बैटिंग करने का मौका मिल सके। इसलिए, मेरा मानना है कि उनकी जगह पक्की कर देनी चाहिए। युवराज सिंह के साथ काम करने के बाद, मैंने युवी से बात की, और युवी ने मुझे बताया कि तकनीकी पहलुओं से ज्यादा ऋषभ के मानसिक पहलू पर काम किया। 3-4 घंटे का सेशन सिर्फ बातचीत के लिए था।"