135वें डूरंड कप में गुरुवार को बोडोलैंड एफसी ने 'ग्रुप-एफ' के अपने आखिरी मैच में, कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी को 6-0 से रौंदा। स्थानीय खिलाड़ी और भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर हलीचरण नार्जरी ने बोडोलैंड एफसी के लिए चार गोल दागने के साथ दो गोल में असिस्ट भी किया। भले ही बोडोलैंड ने शानदार जीत हासिल की, लेकिन टॉप-2 रहने वाली टीमों में से एक के तौर पर नॉकआउट के लिए क्वालीफाई नहीं कर सकी।
इंदिरा गांधी एथलेटिक स्टेडियम में खेले गए इस मैच में हलीचरण नार्जरी ने दोनों हाफ में दो-दो गोल दागे, जबकि ब्रेक के बाद कौशिक दैमारी और ग्वग्वमसार गयारी ने भी गोल करके बोडोलैंड एफसी की शानदार जीत सुनिश्चित की। इतनी बड़ी जीत और तीन मैचों में छह अंक हासिल करने के बावजूद, बोडोलैंड एफसी क्वार्टर फाइनल में जगह नहीं बना पाया। ईस्ट बंगाल एफसी और जमशेदपुर एफसी ने भी छह-छह अंक हासिल किए, लेकिन उनका गोल अंतर बेहतर था, इसलिए वे बोडोलैंड एफसी से आगे रहे। वहीं, कार्बी आंगलोंग मॉर्निंग स्टार एफसी का अभियान लगातार दूसरे सीजन में बिना किसी अंक के खत्म हुआ।
बोडोलैंड एफसी को 11वें पेनाल्टी तब मिली, जब सिद्धार्थ खिची को बॉक्स के अंदर कार्बी आंगलोंग के गोलकीपर मुहम्मद मुर्शिद ने गिरा दिया। हलीचरण नर्जरी ने रॉबिन्सन रेंडन को एक शानदार पास देकर खेल शुरू किया, और रॉबिन्सन ने सिद्धार्थ को एक सटीक बॉल दी। फॉरवर्ड खिलाड़ी बॉक्स की ओर तेजी से बढ़ा, लेकिन सामने आए गोलकीपर ने उसे गिरा दिया। हलीचरण ने स्पॉट-किक ली और शांति से गोल करके बोडोलैंड को बढ़त दिला दी।