भारत के झंडू कुमार ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में पुरुषों के हैवीवेट पैरा पावरलिफ्टिंग इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता। इसके साथ ही ग्लासगो में भारत ने मेडल टैली में अपना खाता भी खोल लिया है।
दो ग्रुप वाले मुकाबले में झंडू ने 130.9 के बेस्ट रिजल्ट के साथ ग्रुप बी में टॉप किया। उन्होंने युगांडा के डेनिस म्बाजीरा (114.1) और ऑस्ट्रेलिया के बेन राइट (110.9) को आसानी से पीछे छोड़ते हुए मेडल की दौड़ में जगह बनाई। हालांकि, कंबाइंड स्टैंडिंग में नाइजीरिया के रिलुवान इदरीस ने 132.8 की बेस्ट ओवरऑल लिफ्ट के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि इंग्लैंड के मैथ्यू हार्डिंग ने 131.0 के साथ सिल्वर मेडल हासिल किया। झंडू की 130.9 की लिफ्ट ब्रॉन्ज मेडल पक्का करने के लिए काफी थी। सिल्वर मेडल के लिए हुए कड़े मुकाबले में वे हार्डिंग से सिर्फ 0.1 पीछे रहे।
1 जनवरी 1997 को बिहार के नालंदा जिले के हरनौत में जन्मे झंडू जन्म से ही पोलियो से ग्रस्त थे। सब्जी बेचने वाले के बेटे झंडू एक साधारण परिवार से आते हैं, और उन्होंने दृढ़ संकल्प और कड़ी मेहनत से आर्थिक और शारीरिक चुनौतियों का सामना किया। उन्होंने 2017 में पैरा-एथलीट के तौर पर अपने खेल करियर की शुरुआत की और एफ55 शॉट पुट और डिस्कस थ्रो इवेंट्स में हिस्सा लिया, जहां उन्होंने कई जिला और राज्य-स्तरीय मेडल जीते। इस दौरान, जिम में स्ट्रेंथ ट्रेनिंग से पावरलिफ्टिंग में उनकी दिलचस्पी जगी। एक राज्य चैंपियनशिप में मिली सलाह के बाद, उन्होंने पैरा पावरलिफ्टिंग को अपना लिया।