Jay Meena: भारतीय सॉफ्ट टेनिस खिलाड़ी जय मीणा के कोच सुदेश सांगटे ने एशियन गेम्स में भारत का पहला सिंगल्स पदक जीतने के बाद इसे अपनी 22 साल की मेहनत का फल बताया। जय मीणा ने बुधवार को पुरुष एकल स्पर्धा में कांस्य पदक जीतकर भारतीय सॉफ्ट टेनिस इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया।
जय मीणा सेमीफाइनल में जापान के ताकुया कुरोसाका से 2-4 से हार गए, लेकिन अंतिम चार में पहुंचने के साथ ही उन्होंने कांस्य पदक अपने नाम कर लिया। इससे पहले क्वार्टर फाइनल में उन्होंने फिलीपींस के शेरविन नुगुइट के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए निर्णायक गेम में 3-5 से पिछड़ने के बाद लगातार चार अंक जीतकर 4-3 से मुकाबला अपने नाम किया।
आईएएनएस से बातचीत में कोच सुदेश सांगटे ने कहा, "हमने 22 साल तक कड़ी मेहनत की है। जब जय 10 साल का था, तभी से मैं उसके साथ सॉफ्ट टेनिस खेल रहा हूं। उसने सिंगल्स, मिक्स्ड डबल्स और विश्व चैंपियनशिप में भी पदक जीते हैं। उसने भारत को यह ऐतिहासिक तोहफा दिया है। मैं बेहद खुश और भावुक हूं।"