India vs Japan First Ever T20I Match: अचानक ही जापान और भारत के बीच एक टी20 इंटरनेशनल की घोषणा हो गई I अगर इस मैच को मीडिया में एक ऐतिहासिक घटना लिखा जा रहा है तो गलत नहीं। सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड पर सुज़ुकी कप के लिए 22 सितंबर को खेलने वाले इस मैच का महत्व सिर्फ ये नहीं है कि भारत और जापान पहली बार क्रिकेट में आमने-सामने हो रहे हैं; इस मैच के साथ ही भारत-जापान राजनयिक संबंधों की 75वीं सालगिरह के जश्न की शुरुआत भी होगी।
ये तो तय है कि मौजूदा टी20 वर्ल्ड चैंपियन भारत के मुकाबले कागज पर जापान काफी कमजोर टीम है क्योंकि वे तो टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में नंबर 41 टीम हैं। खास बात ये है कि इसके बावजूद दुनिया की सबसे मजबूत क्रिकेट टीम ने, उस टीम से खेलने को मंजूरी दी जो अभी क्रिकेट के मामले में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रही है। भारत के इस फैसले से वहां के खिलाड़ियों, अधिकारियों, स्पांसर और युवा फैन को ऊंचे स्तर पर इंटरनेशनल क्रिकेट देखने का मौका मिलेगा।
पहली बात तो ये कि आम सोच के उलट, जापान के लिए क्रिकेट कोई नया नहीं है। क्रिकेट वहां 19वीं सदी से खेल रहे हैं; योकोहामा में 1863 में ही क्रिकेट खेलने का रिकॉर्ड मौजूद है। जापान क्रिकेट एसोसिएशन की स्थापना 1984 में हुई और वे 1989 में आईसीसी के एफिलिएट और 2005 में एसोसिएट सदस्य बने। जापान की टीम 1996 एसीसी ट्रॉफी में खेली जो उनके लिए किसी मान्यता प्राप्त टूर्नामेंट में हिस्सा लेने का पहला मौका था।