लारा मार्टिज के अर्धशतक की मदद से आयरलैंड ने नीदरलैंड के खिलाफ आईसीसी विमेंस इमर्जिंग नेशंस ट्रॉफी 2026 के 'सुपर-6' मुकाबले में 44 रन से जीत हासिल की। इसी के साथ आयरिश टीम ने फाइनल मुकाबले में जगह बना ली है, जहां 25 नवंबर को उसका सामना श्रीलंका से होगा।
श्रीलंका ने सभी पांच मैच जीतकर सुपर-6 की प्वाइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान पर कब्जा जमाया। वहीं, आयरलैंड की टीम 5 में से 3 मुकाबले जीतकर दूसरे पायदान पर रही। स्कॉटलैंड, पाकिस्तान, नीदरलैंड और जिम्बाब्वे की टीमें क्रमश: तीसरे, चौथे, पांचवें और छठे पर रहीं।
अजमान स्थित सेवन डिस्ट्रिक्ट्स ग्राउंड पर टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी आयरलैंड की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों के खेल तक 3 विकेट खोकर 162 रन बनाए। एमी हंटर ने गैबी लुईस के साथ पहले विकेट के लिए 42 गेंदों में 61 रन की साझेदारी की। गैबी 24 गेंदों में 7 चौकों की मदद से 37 रन बनाकर आउट हुईं।