पाकिस्तान के दिग्गज बल्लेबाज बाबर आजम इन दिनों इंटरनेशनल लीग टी20 (आईएलटी20) में डेजर्ट वाइपर्स की तरफ से खेल रहे हैं। टूर्नामेंट को लेकर बाबर काफी उत्साहित हैं। उन्होंने मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और टीम को खिताब बचाने में मदद करने की इच्छा जताई है। इसके साथ ही उन्होंने असफलताओं से मिलने वाली सीख और एक पेशेवर खिलाड़ी के तौर पर लगातार बेहतर बनने की जरूरत पर भी अपनी राय रखी।
आईएएनएस के साथ खास बातचीत में बाबर आजम ने कहा, "मैं इस टूर्नामेंट के लिए काफी उत्साहित हूं और इसका बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की पूरी कोशिश करूंगा।"
टीम में नसीम शाह और शादाब खान जैसे अंतरराष्ट्रीय साथी खिलाड़ियों की मौजूदगी और खिताब बचाने की चुनौती पर बाबर ने कहा कि साथ खेलने से आपसी तालमेल जरूर रहता है, लेकिन क्रिकेट में कुछ भी आसान नहीं होता। टीम का लक्ष्य मिलकर बेहतर योजना बनाना और मैच जीतने के लिए सामूहिक प्रयास करना है।