कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की शुरुआत 23 जुलाई से होने जा रही है, जिसके बाद सितंबर-अक्टूबर में एशियन गेम्स का आयोजन होगा। इसमें हिस्सा लेने जा रहे भारत के टॉप 400 मीटर एथलीट्स का मानना है कि ग्लासगो गेम्स में मुकाबला, सितंबर-अक्टूबर में आइची-नागोया में होने वाले मुकाबले से ज्यादा कड़ा होगा।
धावकों ने स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (साई) मीडिया से कहा कि ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के एथलीट्स की मौजूदगी में मुकाबला और कड़ा होगा, जिससे एशियन गेम्स से पहले अच्छी तैयारी होगी। भारत, ग्लासगो में होने वाले कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 32 सदस्यों वाली ट्रैक एंड फील्ड टीम उतारेगा।
विशाल थेन्नारासु कयालविझी कॉमनवेल्थ गेम्स में पुरुषों की 400 मीटर और मिक्स्ड 4x400 मीटर रिले में हिस्सा लेंगे। पोलैंड के स्पला में सरकार की तरफ से प्रायोजित इंटरनेशनल ट्रेनिंग कैंप के लिए रवाना होने से पहले विशाल ने साई मीडिया से कहा, "कॉमनवेल्थ गेम्स मुश्किल हैं, अगर हम (कड़ी) मेहनत नहीं करते हैं तो यह मुश्किल है। मैं यह नहीं कहूंगा कि यह नामुमकिन है, मैं कहूंगा कि अगर हम अच्छी तरह से तैयारी करें तो (मेडल जीतना) मुमकिन है। कुछ भी आसान नहीं है, चाहे वह एशियन गेम्स हो या कॉमनवेल्थ गेम्स, क्योंकि ये बड़े मुकाबले हैं। यह एक समंदर की तरह है और मुझे खुद को साबित करने का मौका चाहिए, इसलिए मैं इसे एक अवसर के तौर पर लूंगा और वहां पूरी ताकत लगाने की कोशिश करूंगा।"