Vaibhav Sooryavanshi IPL Records: राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ क्वालीफायर-2 में 96 रन की विस्फोटक पारी खेलते हुए IPL इतिहास के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए।
आईपीएल 2026 का क्वालीफायर-2 मुकाबला शुक्रवार (29 मई) को मुल्लांपुर के महाराजा यादविंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स के बीच खेला जा रहा है। इस अहम मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गुजरात के गेंदबाजों पर जमकर हमला बोला और सिर्फ 47 गेंदों में 96 रन की विस्फोटक पारी खेली। उनकी इस शानदार पारी में 7 चौके और 8 लंबे छक्के शामिल रहे।
इस धमाकेदार पारी के दौरान वैभव सूर्यवंशी ने IPL इतिहास के कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। वह IPL के एक सीजन में 700 रन पूरे करने वाले पहले अनकैप्ड खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले किसी भी अनकैप्ड बल्लेबाज ने IPL के एक सीजन में 700 रन का आंकड़ा नहीं छुआ था।
IPL इतिहास में सबसे पहले 600 रन का आंकड़ा पार करने वाले अनकैप्ड खिलाड़ी शॉन मार्श थे, जिन्होंने 2008 में पंजाब किंग्स के लिए यह कारनामा किया था। इसके बाद यशस्वी जायसवाल ने IPL 2023 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 626 रन बनाए थे। लेकिन अब वैभव सूर्यवंशी ने 700 रन का आंकड़ा छूकर इतिहास रच दिया है।
इतना ही नहीं, वैभव IPL इतिहास में सबसे कम उम्र में एक सीजन में 700 रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। वैभव ने यह उपलब्धि 15 साल और 63 दिन की उम्र में हासिल की। इससे पहले यह रिकॉर्ड गुजरात टाइटंस के साईं सुदर्शन के नाम था, जिन्होंने IPL 2025 में 23 साल और 227 दिन की उम्र में 700 रन पूरे किए थे।
वैभव सूर्यवंशी ने इस मुकाबले में एक और बेहद खास रिकॉर्ड अपने नाम किया। वह IPL इतिहास में सबसे कम गेंदों में 1000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। वैभव ने सिर्फ 440 गेंदों में अपने 1000 रन पूरे किए। इससे पहले यह रिकॉर्ड आंद्रे रसेल के नाम था, जिन्होंने 545 गेंदों में IPL के 1000 रन पूरे किए थे।
पारियों के हिसाब से भी वैभव सबसे तेज भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं जिन्होंने IPL में 1000 रन पूरे किए। उन्होंने सिर्फ 23 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। ओवरऑल वह संयुक्त रूप से दूसरे सबसे तेज बल्लेबाज हैं। इस मामले में सिर्फ शॉन मार्श उनसे आगे हैं, जिन्होंने 21 पारियों में 1000 रन पूरे किए थे। इससे पहले सबसे तेज भारतीय बनने का रिकॉर्ड साईं सुदर्शन के नाम था, जिन्होंने 25 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी।
Also Read: LIVE Cricket Score
वैभव सूर्यवंशी ने पावरप्ले में भी नया इतिहास रच दिया है। IPL 2026 में उन्होंने पावरप्ले के दौरान 521 रन पूरे कर लिए हैं, जो किसी भी बल्लेबाज द्वारा एक सीजन में बनाए गए सबसे ज्यादा पावरप्ले रन हैं। उन्होंने इस मामले में डेविड वॉर्नर का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने IPL 2016 में पावरप्ले में 467 रन बनाए थे। इसके साथ ही वैभव IPL इतिहास में एक सीजन के पावरप्ले में 500 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं।