वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) के इस साल जून में आयरलैंड दौरे के लिए भारत की टी-20 इंटरनेशनल टीम में चुने जाने की संभावना है। अगर ऐसा होता है तो वह भारत के लिए इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन सकते हैं।
द इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार सिलेक्टर्स 15 वर्षीय इस खिलाड़ी को इंग्लैंड के 'व्हाइट-बॉल' दौरे से ठीक पहले होने वाली इस छोटी सी सीरीज़ में एक बड़ा मौका दे सकते हैं।
भारतीय क्रिकेट बोर्ड के एक सूत्र ने इसकी पुष्टि की करते हुए द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, "वह आयरलैंड दौरे के लिए दावेदारों में शामिल हैं और सिलेक्टर्स ने कई अन्य खिलाड़ियों के साथ-साथ उनके नाम को भी शॉर्टलिस्ट किया है।"
सूर्यवंशी ने आईपीएल के पिछले एडिशन में डेब्यू करते हुए दुनिया के कुछ बेहतरीन गेंदबाजों की खूब धुनाई की थी और इस साल भी इसी लय को जारी रखा है। उन्होंने मौजूदा सीजन में ही धमाल मचाते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने 26 गेंदों में 78 रन, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 17 गेंदों में 52 रन और मुंबई इंडियंस के खिलाफ 14 गेंदों में 39 रन की पारी खेली है। इस दौरान सूर्यवंशी बड़े नामों के सामने डरे नहीं औऱ जसप्रीत बुमराह जैसे दिग्गज गेंदबाज की पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा और जोश हेज़लवुड जैसे गेंदबाज़ों का भी पूरे आत्मविश्वास के साथ सामना किया है।
खबर के अनुसार नेशनल सिलेक्टर इस युवा खिलाड़ी को भारतीय टीम में शामिल करने के लिए ज़्यादा इंतजार करने के मूड में नहीं हैं, लेकिन संभावना है कि वह उन्हें थोड़ी कमजोर टीम के ख़िलाफ खेलने का मौका देंगे। अगर सूर्यवंशी अपने शानदार फॉर्म को जारी रखते हैं तो उन्हें आयरलैंड के खिलाफ इस साल के अंत में होने वाले जिम्बाब्वे दौरे के लिए भी चुना जा सकता है।
Also Read: LIVE Cricket Score
हाल ही में आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने भी उनके टीम इंडिया में शामिल किए जाने की वकालत की थी और टीम इंडिया के कई पूर्व क्रिकेटर भी ऐसा कर चुके हैं।