Women's T20 World Cup 2026, Bangladesh Women vs Netherlands Women: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के पांचवें मुकाबले में बांग्लादेश ने नीदरलैंड को 6 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में विजयी शुरुआत की। 20 वर्षीय जुएरिया फिरदौस के शानदार अर्धशतक और गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश ने इस मुकाबले में जीत हासिल की।

Advertisement

बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में रविवार (14 जून) को खेले गए इस मुकाबले में नीदरलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हालांकि बांग्लादेशी गेंदबाजों ने शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा और विपक्षी टीम को बड़ा स्कोर खड़ा नहीं करने दिया।

Advertisement

नीदरलैंड की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज बैबेट डी लीडे ने सबसे ज्यादा रन बनाए। उन्होंने 45 गेंदों में 50 रन की अर्धशतकीय पारी खेली और एक छोर संभाले रखा। लेकिन उन्हें दूसरे बल्लेबाजों से ज्यादा सहयोग नहीं मिला।

हीदर सीजर्स 16 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि फेबे मोल्केनबोएर ने 11 रन और रॉबिन रिजके ने 13 रन का योगदान दिया। मध्यक्रम और निचला क्रम बड़ी साझेदारी नहीं बना सका, जिसके चलते नीदरलैंड की टीम 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 139 रन ही बना सकी।

बांग्लादेश के लिए गेंदबाजी में मारुफा अख्तर ने 2 विकेट हासिल किए। वहीं फरिहा त्रिस्ना, शंजीदा अख्तर मेघला, रितु मोनी और राबेया खान को 1-1 विकेट मिला। 

140 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश को युवा सलामी बल्लेबाज जुएरिया फिरदौस ने शानदार शुरुआत दिलाई। 20 वर्षीय बल्लेबाज ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 33 गेंदों में 50 रन बनाए। उन्हें दूसरी सलामी बल्लेबाज दिलारा अख्तर का भी अच्छा साथ मिला, जिन्होंने 23 गेंदों में 26 रन बनाए।

Advertisement

इसके बाद शर्मिन अख्तर ने जिम्मेदारी संभाली और अंत तक क्रीज पर टिके रहते हुए 32 गेंदों में नाबाद 37 रन की उपयोगी पारी खेली। उनकी संयमित बल्लेबाजी की बदौलत बांग्लादेश ने 19.1 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ बांग्लादेश ने महिला टी20 विश्व कप 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की है।

Also Read: LIVE Cricket Score

नीदरलैंड की ओर से गेंदबाजी में कैरोलिन डी लैंग ने 2 विकेट झटके, जबकि सिल्वर सीजर्स को 1 सफलता मिली।

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार