पाकिस्तान सुपर लीग 2026 के मुकाबले में पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज बाबर आज़म के साथ एक डराने वाला पल देखने को मिला, जब तेज़ गेंदबाज़ उबैद शाह की बाउंसर सीधे उनके हेलमेट और गले के पास जा लगी। कुछ देर के लिए मैदान पर सन्नाटा छा गया और फिजियो को तुरंत मैदान में आना पड़ा। हालांकि राहत की बात ये रही कि जांच के बाद बाबर ने फिर से बल्लेबाज़ी शुरू की।
पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में शनिवार (11 अप्रैल) को पेशावर जाल्मी और लाहौर कलंदर्स के बीच खेले गए मुकाबले में एक ऐसा पल देखने को मिला जिसने सभी को चिंतित कर दिया। मैच के दौरान पेशावर जाल्मी के कप्तान बाबर आज़म खतरनाक बाउंसर का शिकार हो गए और गेंद सीधे उनके गले और हेलमेट के पास जा लगी।
ये घटना पारी के छठे ओवर की पहली गेंद पर हुई, जब तेज़ गेंदबाज़ उबैद शाह ने 125.7 किमी/घंटा की रफ्तार से एक तेज़ बाउंसर फेंकी। बाबर इस गेंद पर पुल शॉट खेलने के लिए आगे बढ़े, लेकिन गेंद को पूरी तरह मिस कर गए। गेंद पहले उनके कंधे से टकराई और फिर सीधे उनके गले और हेलमेट की ग्रिल के नीचे जा लगी।
गेंद लगते ही मैदान पर कुछ पल के लिए सन्नाटा छा गया और टीम के फिजियो तुरंत दौड़कर बाबर के पास पहुंचे। बाबर का तुरंत कन्कशन टेस्ट किया गया, लेकिन अच्छी बात ये रही कि वो ठीक पाए गए और फिर से बल्लेबाज़ी शुरु कर पाए।
VIDEO:
इस दौरान टीम पर दबाव भी था, क्योंकि मोहम्मद हारिस (18) जल्दी आउट होकर पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद बाबर आज़म और कुसल मेंडिस ने मिलकर पारी को संभाला। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 109 रन की शानदार साझेदारी हुई। बाबर आज़म ने 40 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि कुसल मेंडिस ने 48 गेंदों में 74 रन की अहम पारी खेली। इस साझेदारी की बदौलत पेशावर जाल्मी ने 174 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य खड़ा किया।
Also Read: LIVE Cricket Score
लक्ष्य का पीछा करने उतरी लाहौर कलंदर्स की टीम इस दबाव को झेल नहीं पाई और पूरी टीम 17 ओवर में 97 रन पर ही सिमट गई। फखर ज़मान (21), अब्दुल्ला शफीक (21), दुनिथ वेललागे (20) और सिकंदर रज़ा (14) के अलावा कोई भी बल्लेबाज़ दहाई का आंकड़ा पार नहीं कर सका।