टीवी जगत के मशहूर पत्रकारों में से एक रोहित सरदाना का ह्रदय गति रुक जाने से निधन हो गया है। रोहित सरदाना कोरोना से भी संक्रमित थे। 42 वर्ष की उम्र में दुनिया को अलविदा कहने वाले पत्रकार के निधन से क्रिकेट जगत के खिलाड़ियों में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
टीम इंडिया के पूर्व खिलाड़ी वीरेन्द्र सहवाग ने ट्वीट कर लिखा, 'कोई शब्द नहीं मिल रहा है। ईश्वर छोटे बच्चों और परिवार को शक्ति दे। #RohitSardana ओम शांति।' हरभजन सिंह ने लिखा, 'रोहित सरदारा जी के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ .. परिवार के प्रति संवेदना।'
क्रिकेट खिलाड़ियों के अलावा भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रक्षामंत्री राजनाथ सिंह दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जैसे कई बड़े राजनेताओं ने भी रोहित सरदाना के निधन पर शोक जताया है। रोहित सरदाना अपने पीछे दो बच्चियों और पत्ती को छोड़कर गए हैं।
पीएम मोदी ने रोहित सरदाना के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए लिखा, 'रोहित बेहद जल्दी हमें छोड़कर चले गए। भारत की प्रगति के लिए ऊर्जा से भरपूर थे और भावुक थे, रोहित को कई लोगों द्वारा याद किया जाएगा। रोहित के निधन ने मीडिया जगत में एक बहुत बड़ा शून्य छोड़ दिया है। उनके परिजनों, दोस्तों और चाहने वालों को सांत्वना, ऊं शांति।'