AB De Villiers 37 Balls Century: क्रिकेट के मिस्टर 360 यानी एबी डिविलियर्स ने एक बार फिर अपने पुराने दिनों की याद दिलाते हुए बल्ले से गर्दा उड़ा दिया है। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स (WCL 2026) में साउथ अफ्रीका चैंपियंस की कप्तानी कर रहे 42 साल के डिविलियर्स ने शुक्रवार (9 अक्टूबर) को ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस के खिलाफ सिर्फ 37 गेंदों में शतक जड़ दिया।
इस मुकाबले में 210 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ अफ्रीका चैंपियंस की टीम के लिए नंबर-3 पर बल्लेबाजी करने आए एबी डिविलियर्स ने सिर्फ 37 गेंदों में अपना शतक पूरा किया और 40 गेंदों में नाबाद 111 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 6 चौके और 11 छक्के शामिल रहे। इस दौरान उन्होंने जिस अंदाज में छक्के लगाए, उसे देखकर एक बार फिर उनके पुराने तूफानी अंदाज की झलक देखने को मिली।
VIDEO:
डिविलियर्स को दूसरे छोर पर सलामी बल्लेबाज रिचर्ड लेवी का भी शानदार साथ मिला, जिन्होंने दूसरे विकेट के लिए डिविलियर्स के साथ 49 गेंदों में 127 रन जोड़े। लेवी ने भी आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 29 गेंदों में 62 रन बनाए।
इसके बाद डिविलियर्स ने जेपी डुमिनी के साथ तीसरे विकेट के लिए नाबाद 72 रन की साझेदारी की। डुमिनी ने 22 गेंदों में नाबाद 27 रन बनाए। इस तरह साउथ अफ्रीका चैंपियंस ने महज 15.4 ओवर में ही 2 विकेट खोकर 210 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
इससे पहले ऑस्ट्रेलिया चैंपियंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 209 रन बनाए थे। टीम के लिए डार्सी शॉर्ट ने नंबर-3 पर उतरकर सिर्फ 25 गेंदों में 66 रन की तूफानी पारी खेली थी। वहीं कप्तान डेविड वॉर्नर ने 37 गेंदों में 48 रन बनाए, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों की यह मेहनत डिविलियर्स की तूफानी पारी के सामने फीकी पड़ गई।