टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दूसरे सेमीफाइनल में भारत को शुरुआत में ही झटका लग गया जब स्टार ओपनर अभिषेक शर्मा सस्ते में आउट हो गए। इंग्लैंड के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर विल जैक्स ने उन्हें अपनी गेंद पर फंसा लिया। अभिषेक ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन टाइमिंग सही नहीं रही और आसान कैच दे बैठे। इस तरह उनकी खराब फॉर्म एक बार फिर भारतीय टीम के लिए चिंता का कारण बन गई।
आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 का दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार (5 मार्च) को भारत और इंग्लैंड के बीच मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को जल्दी ही पहला झटका लग गया। दूसरे ओवर में गेंदबाजी करने आए इंग्लैंड के ऑफ स्पिन ऑलराउंडर विल जैक्स ने अपनी फ्लाइटेड गेंद में अभिषेक शर्मा को फंसा लिया। गेंद मिडिल और लेग स्टंप की लाइन पर थी और अभिषेक आगे बढ़कर उसे लेग साइड में बड़ा शॉट खेलने की कोशिश कर रहे थे।
हालांकि शॉट खेलते समय वह थोड़ा कंप्रेस हो गए और गेंद बल्ले के बीच में नहीं लगी। नतीजा यह हुआ कि गेंद डीप मिडविकेट की तरफ हवा में चली गई, जहां फिल सॉल्ट ने आगे बढ़कर आसान सा कैच पकड़ लिया। अभिषेक शर्मा 7 गेंदों में 9 रन बनाकर पवेलियन लौटे और भारत का पहला विकेट सिर्फ 20 रन के स्कोर पर गिर गया। सेमीफाइनल जैसे अहम मुकाबले में इस तरह अपनी विकेट देना फैंस को बिल्कुल रास नहीं आया और उन्होंने सोशल मीडिया पर अभिषेक को जमकर ट्रोल किया है।
दरअसल इस पूरे टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा का बल्ला खामोश ही रहा है और ऑफ स्पिन गेंदबाज उनके लिए एक बड़ी कमजोरी उभरकर आए हैं। उन्होंने 7 मैचों में 130.88 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 89 रन बनाए हैं और उनका औसत 12.71 का रहा है। इस दौरान 55 रन उनकी सर्वश्रेष्ठ पारी रही, लेकिन बाकी मुकाबलों में वह टीम को मजबूत शुरुआत देने में नाकाम रहे हैं।
हालांकि शुरुआती झटके के बाद भारत ने वापसी करने की कोशिश की। संजू सैमसन ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए रनगति को तेज किया, जिसकी बदौलत भारतीय टीम ने पावरप्ले में 67 रन जोड़ लिए।
टीमें इस मैच के लिए़़
भारत (प्लेइंग इलेवन): अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती, जसप्रीत बुमराह।
Also Read: LIVE Cricket Score
इंग्लैंड (प्लेइंग इलेवन): फिल साल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, जेमी ओवरटन, लियाम डॉसन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद।