इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का आगाज हो चुका है। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले जा रहे इस मुकाबले में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और उनके गेंदबाजों ने अपने कप्तान के इस फैसले को सही साबित करते हुए हैदराबाद के टॉप ऑर्डर में खलबली मचा दी।
हैदराबाद के फैंस को अभिषेक शर्मा से काफी उम्मीदें थीं लेकिन उनका खराब फॉर्म शनिवार को भी जारी रहा। सनराइजर्स हैदराबाद के उप-कप्तान के तौर पर वो अपना पहला मैच खेल रहे थे और उन्होंने IPL 2026 का पहला छक्का जड़कर अच्छी शुरुआत भी की लेकिन उनकी पारी की बस यही एक खास बात रही और जैकब डफी ने उन्हें 7 रन पर आउट कर दिया।
अभिषेक क्रीज पर बिल्कुल भी सहज महसूस नहीं कर रहे थे क्योंकि उन्हें डफी और भुवनेश्वर कुमार, दोनों का सामना करना पड़ रहा था। तीसरे ओवर में डफी का सामना करते हुए, शर्मा ने एक छोटी गेंद को पुल करने की कोशिश की, लेकिन गेंद उनके बल्ले के ऊपरी किनारे से लगकर हवा में चली गई और जितेश शर्मा ने आसानी से कैच लपककर अभिषेक की पारी का अंत कर दिया।
Also Read: LIVE Cricket Score
उनके आउट होने के बाद सोशल मीडिया पर उनकी ट्रोलिंग भी शुरू हो गई। कुछ फैंस ने ये तक लिख दिया कि अभिषेक अब खत्म हो चुके हैं और उनसे बड़ी पारी की उम्मीद करना ही बेकार है। खैर, पहले मैच में उनके फ्लॉप होने के बाद हैदराबाद के फैंस उम्मीद करेंगे कि बाकी के टूर्नामेंट में वो फॉर्म में लौट आएं और अपनी टीम की जीत में अहम भूमिका निभाएं।