Adam Zampa Record: ऑस्ट्रेलिया की टीम बांग्लादेश के टूर (Australia Tour of Bangladesh) पर है जहां वो वनडे सीरीज के खत्म होने के बाद अब मेजबान टीम से तीन मैचों की टी20 सीरीज (BAN vs AUS T20 Series) में टक्कर लेंगे। गौरतलब है कि इस सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज स्पिन गेंदबाज़ एडम जाम्पा (Adam Zampa) एक बेहद ही खास रिकॉर्ड बना सकते हैं।
जी हां, ऐसा ही हो सकता है। सबसे पहले ये जान लीजिए कि 34 वर्षीय एडम जाम्पा टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के सबसे सफल गेंदबाज़ रहे हैं जिन्होंने 115 मैचों में 147 विकेट झटके। यहां से वो बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज में सिर्फ तीन विकेट भी चटकाते हैं तो भी T20I में अपने 150 विकेट पूरे कर लेंगे और इस करिश्माई आंकड़ें तक पहुंचने वाले ऑस्ट्रेलिया के पहले क्रिकेटर बन जाएंगे।
ध्यान दें कि ऑस्ट्रेलिया के महान तेज गेंदबाज़ जैसे जोश हेजलवुड और मिचेल स्टार्क भी ये कारनामा (टी20 में 150 विकेट) नहीं कर पाए हैं। आलम तो ये है कि T20I में ऑस्ट्रेलिया के लिए एडम जाम्पा के अलावा किसी भी दूसरे बॉलर ने 100 विकेट भी नहीं लिए हैं।
ऑस्ट्रेलिया के लिए टी20 में सर्वाधिक विकेट
- एडम जाम्पा - 115 मैचों में 112 पारियों में 147 विकेट
- जोश हेजलवुड - 60 मैचों की 59 पारियों में 79 विकेट
- मिचेल स्टार्क - 65 मैचों की 65 पारियों में 79 विकेट
- पैट कमिंस - 57 मैचों की 57 पारियों में 66 विकेट
- नाथन एलिस - 36 मैचों की 36 पारियों में 55 विकेट
बताते चलें कि पुरुष टी20 इंटरनेशनल के इतिहास में अब तक सिर्फ छह ही खिलाड़ी 150 प्लस विकेट ले पाए हैं। इस लिस्ट में राशिद खान (193 विकेट), ईश सोढ़ी (165 विकेट), टिम साउदी (164 विकेट), आदिल राशिद (163 विकेट), वानिन्दु हसरंगा (161 विकेट), मुस्तफिजुर रहमान (158 विकेट) का नाम मौजूद है।
Also Read: LIVE Cricket Score
ऑस्ट्रेलिया टी20I टीम: मिचेल मार्श (कप्तान), ज़ेवियर बार्टलेट, निखिल चौधरी, कूपर कोनोली, टिम डेविड, जोएल डेविस, नाथन एलिस, कैमरून ग्रीन, एरॉन हार्डी, ट्रेविस हेड, जोश इंग्लिस, स्पेंसर जॉनसन, मैथ्यू कुहनेमैन, राइली मेरेडिथ, जोश फिलिप, मैथ्यू रेनशॉ और एडम ज़ाम्पा।