India vs South Africa Super 8: साउथ अफ्रीका ने रविवार (22 फरवरी) को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर 8 राउंड के मुकाबले में भारत को 76 रन से हरा दिया। इसके साथ ही साउथ अफ्रीकी कप्तान एडेन मार्करम ने भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा का एक बड़ा रिकॉर्ड तोड़ दिया।
टी-20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान सबसे ज्यादा जीत हासिल करने के मामले में मार्करम तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उनकी कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका ने 14 मैच खेले हैं, जिसमें 13 में जीत मिली है और सिर्फ एक में हार। इस लिस्ट में उन्होंने रोहित शर्मा, डैरेन सैमी और दासुन शनाका को पीछे छोड़ा। बता दें कि रोहित की कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप में भारत ने 14 मैच खेले, जिसमें 12 में जीत मिली।
टी-20 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा मैच जीतने वाले कप्तान
21 - एमएस धोनी (33 मैच)
14 - केन विलियमसन (21 मैच)
13 - एडेन मार्करम (14 मैच)
12 - रोहित शर्मा (14 मैच)
12 - डैरेन सैमी (18 मैच)
12 - दासुन शनाका (21 मैच)
बता दें कि इस हार के साथ ही आईसीसी लिमिटेड ओवर टूर्नामेंट में भारत का विजयी रथ भी रूक गया। आईसीसी टूर्नामेंट में पिछले 18 मैच में यह भारत की पहली हार है। इससे पहले आखिरी बार भारत को हार 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली थी वो भी इस स्टेडियम में ही।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके अलावा यह रनों के हिसाब से टी-20 वर्ल्ड कप में भारत की सबसे बड़ी हार है। इससे पहले 2010 टी-20 वर्ल्ड कप में ब्रिजटाउन में हुए मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 49 रन से हराया था।