Ajinkya Rahane Mimics Ravi Shastri: भारत और श्रीलंका के बीच 15 अगस्त से गाले में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दौरान लाइव टीवी शो पर अजिंक्य रहाणे का मजेदार अंदाज देखने को मिला। सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के एक्स्ट्रा इनिंग कार्यक्रम में रहाणे ने पूर्व भारतीय हेड कोच रवि शास्त्री की ऐसी नकल की कि स्टूडियो में मौजूद बाकी क्रिकेट एक्सपर्ट्स भी हंसते नजर आए।
दरअसल, रहाणे से लाइव ब्रॉडकास्ट के दौरान रवि शास्त्री की नकल करने के लिए कहा गया था। इसके बाद पूर्व भारतीय बल्लेबाज ने बिना किसी झिझक के अपना अंदाज बदला और शास्त्री की आवाज में बोलना शुरू कर दिया। उन्होंने शास्त्री की भारी आवाज के साथ उनके जोशीले अंदाज और ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों से बात करने के तरीके को भी कॉपी किया।
रहाणे ने जिस तरह से शास्त्री के अंदाज में टीम टॉक को दोहराया, उसने इस सेगमेंट को काफी मजेदार बना दिया। उनकी एक्टिंग देखकर स्टूडियो में मौजूद मोहम्मद कैफ और अजय जडेजा जोर-जोर से हंसते नजर आए।
VIDEO:
रहाणे और शास्त्री भारतीय क्रिकेट के उस दौर का हिस्सा रहे हैं, जब शास्त्री टीम के हेड कोच थे और रहाणे टीम के अहम बल्लेबाजों में शामिल थे। इसी वजह से रहाणे के पास शास्त्री के ड्रेसिंग रूम वाले अंदाज को करीब से देखने का काफी अनुभव रहा है।
रहाणे अब क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद टीवी एक्सपर्ट और कमेंटेटर के तौर पर नई पारी शुरू कर चुके हैं। उन्होंने 30 जुलाई 2026 को सभी फॉर्मेट के प्रोफेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया था। 38 साल के रहाणे ने भारत के लिए 85 टेस्ट, 90 वनडे और 20 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले।
Also Read: LIVE Cricket Score
अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में रहाणे ने 8,000 से ज्यादा रन बनाए। उनके नाम 15 इंटरनेशनल शतक और 51 अर्धशतक भी दर्ज हैं। विदेशी परिस्थितियों में अपनी मजबूत बल्लेबाजी और मुश्किल मौकों पर टीम के लिए योगदान देने के लिए रहाणे को भारतीय क्रिकेट में लंबे समय तक याद किया जाएगा।