Ajinkya Rahane Unwanted Record: कोलकाता नाइट राइडर्स (Kolkata Knight Riders) के कैप्टन अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) बीते रविवार, 20 अप्रैल को आईपीएल 2026 (IPL 2026) के 28वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के सामने सिर्फ दो गेंद ही मैदान पर टिक पाए और बिना कोई रन बनाए आउट हुए। गौरतलब है कि इसी के साथ उनके नाम अब एक बेहद ही शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
जी हां, ऐसा ही हुआ है। दरअसल, अजिंक्य रहाणे अब आईपीएल इतिहास में एक सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर सर्वाधिक बार जीरो पर आउट होने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। वो आईपीएल में 12 बार ओपनिंग करते हुए बिना कोई रन बनाए आउट हुए हैं। उनके बाद इस लिस्ट में पार्थिव पटेल हैं, जो कि 11 बार एक ओपनर के तौर पर आईपीएल के मुकाबलों में डक पर आउट हुए।
IPL में सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर सर्वाधिक बार जीरो पर आउट होने वाले खिलाड़ी
- अजिंक्य रहाणे - 12
- पार्थिव पटेल - 11
- शिखर धवन - 10
- गौतम गंभीर - 10
- डेविड वॉर्नर - 09
बताते चलें कि 37 साल के अजिंक्य रहाणे साल 2026 के आईपीएल सीजन में काफी संघर्ष करते दिखे हैं और अब तक 7 मैचों में 25.33 की औसत और 144.76 की स्ट्राइक रेट से 152 रन ही बना पाए हैं। उनकी कैप्टेंसी में KKR ने मौजूदा सीजन में शुरुआती 7 मैचों में सिर्फ एक जीत हासिल की है। वो पॉइंट्स टेबल पर तीन अंकों के साथ नवें पायदान पर है।
ऐसा रहा मैच का हाल: IPL 2026 का 28वां मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला गया था जहां राजस्थान रॉयल्स की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 155 रन स्कोर बोर्ड पर टांगे।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में केकेआर के लिए रिंकू सिंह ने नंबर-7 पर बैटिंग करके मैदान पर तूफान उठाया और 34 गेंदों पर नाबाद 53 रन ठोके। उनके अलावा अनुकूल रॉय ने 16 गेंदों पर नाबाद 29 रन और कैमरून ग्रीन ने 13 गेंदों पर 27 रन बनाए जिसके दम पर टीम ने 19.4 ओवर में 156 रनों का लक्ष्य हासिल करके 4 विकेट से जीत दर्ज की। इस सीजन में केकेआर की पहली जीत है।