AUS Vs ENG 2nd T20I: इंग्लैंड के स्टार सलामी बल्लेबाज फिल सॉल्ट (Phil Salt) ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से गेंदबाजों की जमकर खबर ली। मंगलवार (24 नवंबर) को कैरारा ओवल में खेले गए इस मुकाबले में सॉल्ट ने ऑस्ट्रेलिया के बाएं हाथ के युवा स्पिनर जोएल डेविस (Joel Davies) को निशाने पर लिया और उनके एक ओवर में चौके-छक्कों की बरसात कर दी।
यह धमाका इंग्लैंड की पारी के सातवें ओवर में देखने को मिला। इस ओवर से पहले सॉल्ट 19 गेंदों में 23 रन बनाकर खेल रहे थे। जोएल डेविस गेंदबाजी करने आए और सॉल्ट ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ दिया। इसके बाद उन्होंने लगातार चार छक्के लगाकर ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज की मुश्किलें बढ़ा दीं। ओवर में डेविस ने तीन वाइड गेंदें भी फेंकीं, जिससे कुल 31 रन खर्च हो गए। इस तरह सॉल्ट ने अपने बल्ले से 28 रन बटोरे, जबकि बाकी तीन रन अतिरिक्त के रूप में आए।
इसी ओवर में फिल सॉल्ट ने महज 24 गेंदों में अपना अर्धशतक भी पूरा कर लिया। वहीं जोएल डेविस के लिए यह ओवर किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा, क्योंकि उनके नाम टी20 इंटरनेशनल में किसी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज द्वारा एक ओवर में सबसे ज्यादा रन देने का अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया। इससे पहले यह रिकॉर्ड ग्लेन मैक्सवेल के नाम था, जिन्होंने 2023 में भारत के खिलाफ एक ओवर में 30 रन दिए थे।
फिल सॉल्ट ने इस मुकाबले में कुल 30 गेंदों का सामना करते हुए 58 रन बनाए, जिसमें पांच चौके और चार छक्के शामिल रहे।
इंग्लैंड ने आठ विकेट से जीता मुकाबला
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 184 रन बनाए। टीम की ओर से निखिल चौधरी ने 35 गेंदों में 45 रन की सबसे बड़ी पारी खेली, जबकि जोएल डेविस ने भी बल्ले से योगदान देते हुए 25 गेंदों में 39 रन बनाए।
Also Read: LIVE Cricket Score
185 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। फिल सॉल्ट के साथ दूसरे छोर पर एन्यूरिन डोनाल्ड ने भी ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। डोनाल्ड ने महज 32 गेंदों में 85 रन ठोक दिए। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 61 गेंदों में 151 रन की शानदार साझेदारी हुई। इसकी बदौलत इंग्लैंड ने 13.1 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर मुकाबला आठ विकेट से जीत लिया।