New Zealand vs England 2nd Test: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट में चौथे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने दूसरी पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 182 रन बना लिए हैं। 463 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा कर रही इंग्लैंड को अब भी जीत के लिए 281 रन की जरूरत है, जबकि कप्तान जो रूट 75 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं।
इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला 17 जून से द ओवल में खेला जा रहा है। शनिवार (20 जून) को चौथे दिन न्यूजीलैंड की दूसरी पारी 362 रन पर समाप्त हुई और इंग्लैंड को जीत के लिए 463 रन का बड़ा लक्ष्य मिला।
न्यूजीलैंड के लिए दूसरी पारी में हेनरी निकोल्स ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 171 गेंदों में 121 रन की शतकीय पारी खेली। उनकी इस पारी में 16 चौके शामिल रहे। इसके अलावा रचिन रवींद्र ने 99 गेंदों में 76 रन और डेरिल मिचेल ने 108 गेंदों में 68 रन का अहम योगदान दिया। निचले क्रम में नाथन स्मिथ ने भी 51 गेंदों में 38 रन जोड़कर टीम की बढ़त को मजबूत किया।
इंग्लैंड की ओर से गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर और मैथ्यू फिशर ने 3-3 विकेट हासिल किए। वहीं जोश टंग को 2 विकेट मिले। इसके अलावा सोनी बेकर और जैकब बेथेल ने 1-1 सफलता अपने नाम की।
463 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही। बेन डकेट 9 रन, एमिलियो गे 11 रन और जैकब बेथेल बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। शुरुआती झटकों के बाद कप्तान जो रूट ने एक छोर संभालकर पारी को संभालने की कोशिश की।
रूट को कुछ देर हैरी ब्रूक का अच्छा साथ मिला। ब्रूक ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में 58 रन बनाए, लेकिन वह अपनी पारी को बड़ी नहीं बना सके। चौथे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड ने 5 विकेट के नुकसान पर 182 रन बना लिए हैं। जो रूट 137 गेंदों में 75 रन बनाकर नाबाद हैं, जबकि जॉर्डन कॉक्स 12 गेंदों में 0 रन बनाकर उनका साथ निभा रहे हैं।
न्यूजीलैंड के लिए दूसरी पारी में गेंदबाजी करते हुए काइल जैमीसन ने अब तक 3 विकेट चटकाए हैं। वहीं मैट हेनरी और विलियम ओ'रूर्के को 1-1 सफलता मिली है।
Also Read: LIVE Cricket Score
अब इंग्लैंड को पांचवें दिन 99 ओवर में जीत के लिए 281 रन और बनाने हैं। ऐसे में मेजबान टीम की सारी उम्मीदें अनुभवी बल्लेबाज जो रूट पर टिकी होंगी। गौरतलब है कि न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 391 रन बनाए थे, जिसके जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 291 रन पर सिमट गई थी।