WI vs PAK: पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले वेस्टइंडीज टीम को बड़ा झटका लगा है। स्टार तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ इस सीरीज का हिस्सा नहीं होंगे। पहले उनकी गैरमौजूदगी की वजह निजी कारण बताई गई थी, लेकिन अब टीम के हेड कोच डैरेन सैमी ने इस मामले पर बड़ा खुलासा किया है। 

Advertisement

वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने गुरुवार (23 जुलाई) को पाकिस्तान के खिलाफ खेली जाने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीम का ऐलान किया था। इस स्क्वाड में अनुभवी तेज गेंदबाज अल्जारी जोसेफ का नाम नहीं था। शुरुआत में बोर्ड की ओर से बताया गया कि वह निजी कारणों की वजह से उपलब्ध नहीं हैं।

हालांकि अब वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी ने इस मामले पर बड़ा खुलासा किया है। पाकिस्तान के खिलाफ पहले टेस्ट से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में सैमी ने बताया कि अल्जारी जोसेफ ने खुद इस सीरीज के लिए चयन स्वीकार नहीं किया और खेलने से इनकार कर दिया।

डैरेन सैमी ने कहा, "हाँ, यह हमारे लिए बड़ा नुकसान है। अल्जारी जोसेफ ने चयन स्वीकार नहीं किया। यही इस समय की सच्चाई है। उन्हें टीम में चुना गया था। वह चोट से वापसी कर रहे थे, लेकिन कुछ कारणों से उन्होंने चयन ठुकरा दिया। यह फैसला मेरे अधिकार क्षेत्र से बाहर है। अब बोर्ड और डायरेक्टर्स ही इस पर आगे का फैसला करेंगे कि अगर कोई कॉन्ट्रैक्टेड खिलाड़ी चयन ठुकराता है तो ऐसे मामलों में क्या किया जाए।"

पाकिस्तान और वेस्टइंडीज के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज 25 जुलाई से 6 अगस्त तक खेली जाएगी। पहला टेस्ट 25 से 29 जुलाई तक ब्रायन लारा क्रिकेट अकादमी में होगा, जबकि दूसरा मुकाबला 2 से 6 अगस्त तक क्वींस पार्क ओवल में खेला जाएगा।

Also Read: LIVE Cricket Score

अल्जारी जोसेफ पिछले कई सालों से वेस्टइंडीज के प्रमुख तेज गेंदबाजों में शामिल रहे हैं। उन्होंने अब तक 42 टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें 33.56 की औसत से 130 विकेट अपने नाम किए हैं। इसके अलावा वह वेस्टइंडीज के लिए तीनों फॉर्मेट में लगातार खेलते रहे हैं। ऐसे में पाकिस्तान के खिलाफ अहम टेस्ट सीरीज से उनका बाहर रहना कैरेबियाई टीम के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

पाकिस्तान के खिलाफ वेस्टइंडीज टेस्ट टीम:
रोस्टन चेज (कप्तान), जोमेल वारिकन (उपकप्तान), जोशुआ बिशप, टैगेनरीन चंद्रपॉल, जोशुआ दा सिल्वा, जस्टिन ग्रीव्स, केवम हॉज, शाई होप, आमिर जंगू, शमार जोसेफ, ब्रैंडन किंग, किर्क मैकेंजी, कीमो पॉल, केमार रोच और जेडन सील्स। 

लेखक के बारे में

Ankit Rana
Media Graduate | Cricket & Film Enthusiast | Sharing insights, stories, and analysis on the latest in cricket and cinema. Join me for in-depth content and engaging discussions! Read More
ताजा क्रिकेट समाचार