आईपीएल 2023 के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाज अंबाती रायडू (Ambati Rayudu) ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया है। वहीं अब उन्होंने आईपीएल 2022 को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। आईपीएल 2022 के दौरान, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाड़ियों रवींद्र जड़ेजा (Ravindra Jadeja) और एमएस धोनी (MS Dhoni) के बीच अनबन की अफवाहें उड़ी थीं। हालांकि, सीएसके के साथी खिलाड़ी रायडू ने इन दावों का खंडन किया है, जिसमें कहा गया है कि ये मीडिया द्वारा उड़ाई गयी अफवाहों से ज्यादा कुछ नहीं है। 

आईपीएल 2022 में सीएसके की कप्तानी धोनी की जगह जडेजा को सौंप गयी थी। हालांकि, ये बदलाव उल्टा पड़ा क्योंकि बतौर खिलाड़ी और कप्तान जडेजा अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए। इस वजह से उन्होंने बीच सीजन में ही कप्तानी छोड़ दी। इसके बाद धोनी को फिर कप्तान बनाया गया। इस चीज को लेकर धोनी ने कहा कि ऑलराउंडर (जड्डू) जानते थे था कि वह 2022 सीजन में कप्तानी संभालेंगे, लेकिन वो दबाव में अच्छा प्रदर्शन करने में नाकाम रहे। धोनी के बयानों ने कैंप के माहौल के साथ मिलकर अफवाहों को जन्म दिया कि चेन्नई सुपर किंग्स के अंदर चीजें ठीक नहीं चल रही हैं। रायडू ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस बात पर सफाई देते हुए कहा कि जडेजा एमएस धोनी से नाराज नहीं थे।

रायडू ने कहा कि, "मुझे नहीं लगता कि जड्डू माही भाई से बिल्कुल भी नाराज थे। बात सिर्फ इतनी थी कि वह दुखी थे क्योंकि टीम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रही थी। उस साल सभी का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं आ रहा था। उन्होंने (धोनी ने) यह टीम बनाई है और जड्डू को वह बनाया है जो वह आज हैं।' 10-12 साल क्या, उन्होंने उन्हें पाला-पोसा है। इसलिए वह स्वाभाविक रूप से खुश होंगे कि उनके द्वारा बनाए गए प्रोडक्ट ने पिछले साल जो कुछ भी हुआ उसके बाद सीएसके के लिए फाइनल जीता है।" धोनी की कप्तानी में चेन्नई ने इस साल 5वीं बार आईपीएल का खिताब जीता है। 

रायडू ने धोनी से एक और सीजन तक टीम की कप्तानी जारी रखने की उम्मीद भी जताई। आईपीएल 2023 के फाइनल के बाद अपने संन्यास के बारे में पूछे जाने पर धोनी ने कहा था कि टूर्नामेंट जीतने के बाद यह फैसला करना आसान होगा। इस चीज को लेकर रायडू ने कहा कि, "यह इस बात का प्रमाण है कि सीएसके कैसी है कि वह अपने परिवार को एकजुट रखती है। मुझे उम्मीद है कि माही भाई अगले सीज़न में टीम का नेतृत्व करेंगे। जब तक वह खेलना चाहते हैं, तब तक उन्हें टीम का नेतृत्व करना चाहिए।"

लेखक के बारे में

Nitesh Pratap
मैं पिछले 4 सालों से क्रिकेट में हिंदी कंटेंट राइटिंग कर रहा हूँ। मुझे क्रिकेट खेलना, देखना और उसके बारे में पढ़ना काफी पसंद है। मैं अपनी क्रिकेटिंग राइटिंग स्किल्स को बेहतर करने के लिए पिछले कुछ महीनों से cricketnmore के साथ जुड़ा हुआ है। यहाँ मुझे क्रिकेट की बारीकियों के बारे में काफी जानने और सीखने को मिल रहा है। Read More
ताजा क्रिकेट समाचार