दिल्ली कैपिटल्स औऱ सनराइजर्स हैदराबाद के फैंस के लिए बुरी खबर आई है। दोनों की टीमों के सबसे अनुभवी गेंदबाज चोटिल होकर आईपीएल 2020 बाहर हो गए हैं। दिल्ली कैपिटल्स के दिग्गज स्पिनर अमित मिश्रा (Amit Mishra) उंगली की चोट के कारण बाहर हो गए हैं।
मिश्रा शनिवार को कोलकाता नाइट राइडर्स के मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे। नीतीश राणा की कैच पकड़ने के लिए लगाई डाइव के दौरान उनके दाएं हाथ की उंगली में चोट आ गई थी। हालांकि इसके बाद मिश्रा ने अगला ओवर डाला था और शुभमन गिल का विकेट भी निकाला था।
उनकी जगह लेने के रेस में एस मिधुन, शुभम सिंह और अंकित सोनी जैसे खिलाड़ियों का नाम आ रहा है।
भुवनेश्वर कुमार भी हुए बाहर
सनराइजर्स हैदराबाद के उप-कप्तान और सबसे अनुभवी गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar) भी कुल्हे में चोट के कारण पूरे आईपीएल से बाहर हो गए हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। टीम से जुड़े सूत्र ने एएनआई को जानकारी दी है कि भुवनेश्वर टूर्नामेंट के आगे मैचों में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।
भुवनेश्वर चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ 2 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे। अपने कोटे के आखिरी ओवर की पहली गेंद पर भुवनेश्वर चोटिल हो गए थे। इसके बाद उनके ओवर की बाकी बची 5 गेंद खलील अहमद ने डाली थी। मुंबई इंडियंस के खिलाफ रविवार को खेले गए मैच में वह प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं थे।