रांची, 22 फरवरी | भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने सोमवार को झारखंड क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले गए तीन टी-20 मैचों की सीरीज के पहले मैच में श्रीलंका को 34 रनों से हरा दिया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने निर्धारित ओवरों में छह विकेट गंवाकर 130 रन बनाए। जवाब में श्रीलंका की टीम 20 ओवरों में सात विकेट गंवाकर 96 रनों ही बना सकी।

Advertisement

भारतीय टीम की शुरुआत हालांकि खराब रही। सलामी बल्लेबाज वेल्लास्वामी वनीथा 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं। दूसरी सलामी बल्लेबाज और कप्तान मिताली राज (3) भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाईं और 15 के कुल योग पर कैच आउट होकर पवेलियन लौटीं।

Advertisement

इसके बाद हरमनप्रीत कौर (36) और स्मृति मंधाना (35) ने तीसरे विकेट के लिए 61 रनों की साझेदारी कर टीम को संतोषजनक स्थिति में पहुंचाया।

मंधाना 76 के कुल योग पर कौशल्या का शिकार बनीं। मंधाना ने 27 गेंदों का सामना कर चार चौके लगाए। उनके आउट होने के बाद मैदान में उतरीं वेदा कृष्णमूर्ति ने नौ रनों का योगदान दिया।

वेदा का विकेट 93 के कुल योग पर गिरा। 99 के कुल योग पर कौर भी आउट हो गईं। कौर ने 41 गेंदों पर दो चौके लगाए। अनुजा पाटिल 22 रनों पर नाबाद लौटीं। एकता बिष्ट (3) और शिखा पांडे (4) सस्ते में आउट हुईं।

श्रीलंका के लिए सुगंदिका कुमारी ने तीन और इशानी कौशल्या ने दो विकेट झटके।

Advertisement

लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने अपना पहला विकेट यशोदा मेंडिस (8) के रूप में आठ के कुल योग पर गंवाया। इसके बाद भी हालांकि विकेटों के गिरने के सिलसिला नहीं रुका।

मेहमान टीम ने 18 रनों पर एक समय अपने तीन विकेट गंवा दिए थे। विकेटकीपर दिलानी सुरंगिका (नाबाद 41) और कप्तान शशिकला श्रीवर्धने (18) ने चौथे विकेट के लिए 38 रन जोड़कर टीम को मुश्किल से निकालने का प्रयास किया लेकिन 56 के कुल योग पर श्रीवर्धने के आउट होने के साथ ही यह सिलसिला थम गया।

इसके बाद मेहमान टीम ने तीन और विकेट गंवाए। भारतीय गेंदबाजों की अनुशासित गेंदबाजी के आगे मेहमान बल्लेबाज रन बनाने में नाकाम रहीं और तीन विकेट शेष होने के बाद भी निर्धारित ओवरों की समाप्ति तक लक्ष्य तक नहीं पहुंच सकीं।

Advertisement

भारत की ओर अनुजा पाटिल ने तीन और दीप्ति शर्मा ने दो विकेट चटकाए जबकि एकता और पूनम यादव को एक-एक विकेट मिला। पाटिल ने चार ओवरों में सिर्फ 14 रन दिए जबकि यादव ने चार ओवरों में 17 रन खर्च किए।

इस जीत के साथ ही भारत ने इस सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है।

एजेंसी

Advertisement

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
An ardent cricket fan, Saurabh is covering cricket for last 12 years. He has started his professional journey with the Hindi publication, Navbharat Times (Times of India Group). Later on, he moved to TV (Sadhna News). In 2014, he joined Cricketnmore. Currently, he is serving as the editor of cricketnmore.com. His grasp on cricket statistics and ability to find an interesting angle in a news story make him a perfect fit for the online publishing business. He is also acting as a show producer for our ongoing video series - Cricket Tales, Cricket Flashback, & Cricket Trivia Read More
ताजा क्रिकेट समाचार