Arundhati Reddy Unwanted Record: हरमनप्रीत कौर (Harmanpreet Kaur) की कैप्टेंसी वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम मौजूदा समय में इंग्लैंड के टूर पर है जहां बीते शनिवार, 30 मई को उन्हें ब्रिस्टल में खेले गए टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले (ENG-W vs IND-W 2nd T20) में 26 रनों से हार का सामना करना पड़ा। गौरतलब है कि इस मुकाबले में भारतीय तेज गेंदबाज़ अरुंधति रेड्डी (Arundhati Reddy) के नाम एक अनचाहा रिकॉर्ड भी दर्ज हो गया।
जी हां, ऐसा ही हुआ। सबसे पहले ये जान लीजिए कि ब्रिस्टल टी20 मुकाबले में 29 साल की अरुंधति रेड्डी ने टीम इंडिया के लिए पूरे 4 ओवर गेंदबाज़ी की और बिना कोई विकेट लिए 38 रन लुटाए। इसी बीच जब वो भारत के लिए इनिंग का 20वां ओवर डालने आईं तब इंग्लिश ऑलराउंडर फ्रेया कैंप उन पर काल बनकर बरसीं और उन्होंने 6 गेंदों पर छक्के-चौके की बौछार करके 24 रन ठोके दिए।
गौर करें कि ये किसी भी भारतीय महिला क्रिकेट द्वारा टी20 इंटरनेशनल में डाला गया सबसे महंगा ओवर है। भारतीय महिला टीम के 20 साल के टी20 क्रिकेट के इतिहास में किसी भी गेंदबाज़ ने इतने रन एक ओवर में नहीं खर्चे थे। यही वज़ह है अरुंधति के नाम वुमेंस टी20 में भारत के लिए सबसे महंगा ओवर फेंकने का अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हो गया है।
बताते चलें कि मौजूदा इंग्लिश टूर पर अरुंधित रेड्डी भारत के लिए दोनों ही टी20 मुकाबले खेली हैं, हालांकि इस दौरान वो एक भी विकेट नहीं ले पाई। इस सीरीज के पहले मैच में उन्होंने अपने 4 ओवर में बिना कोई विकेट लिए इंग्लिश टीम को 23 रन दिए थे।
ऐसा रहा मैच का हाल: टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में इंग्लिश कैप्टन चार्ली डीन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फैसला किया था जिसके बाद उन्होंने अपनी इनिंग के 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 168 रन बनाए। इंग्लैंड के लिए फ्रेया कैंप ने मैदान पर अपनी बैटिंग से तूफान उठाया और 13 गेंदों पर 300 की स्ट्राइक रेट से नाबाद 39 रन ठोके।
Also Read: LIVE Cricket Score
इसके जवाब में भारतीय टीम अपने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 142 रन ही जोड़ पाई और ऐसे इंग्लैंड ने 26 रनों से ये मुकाबला जीता। मेहमान टीम के लिए यास्तिका भाटिया (36 गेंदों पर 33 रन) और स्मृति मंधाना (25 गेंदों पर 32 रन) ने सर्वाधिक रन जोड़े। दूसरी तरफ इंग्लैंड के लिए फ्रेया कैंप, चार्ली डीन और लॉरेन बेल ने 2-2 विकेट झटके। अब ये सीरीज 1-1 की बराबरी पर खड़ी है।