मोहाली, 10 मार्च (CRICKETNMORE)| पीटर हैंड्सकोंब (117) और उस्मान ख्वाजा (91) के बीच तीसरे विकेट के लिए हुई 192 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी के बाद एश्टन टर्नर (नाबाद 84) की तूफानी पारी के दम पर ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को यहां खेले गए चौथे वनडे मैच में भारत को चार विकेट से हरा दिया। इस जीत के बाद ऑस्ट्रेलिया ने पांच मैचों की सीरीज में अब 2-2 से बराबरी हासिल कर ली है। सीरीज का पांचवां और निर्णायक मैच बुधवार को दिल्ली में खेला जाएगा। 

Advertisement

भारत ने यहां आईएस बिंद्रा स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नौ विकेट पर 358 रनों का विशाल स्कोर बनाया, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 47.5 ओवर में छह विकेट खोकर हासिल कर लिया। 

Advertisement

भारत के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया की या किसी भी टीम की रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी जीत है।

भारत से मिले 359 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने 12 रन के स्कोर पर ही कप्तान एरॉन फिंच (0) और शॉन मार्श (6) का विकेट खो दिया। 

हालांकि इसके बाद हैंड्सकोंब और ख्वाजा ने तीसरे विकेट के लिए 192 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी करके टीम को ड्राइविंग सीट पर बिठा दिया। भारत में भारत के खिलाफ तीसरे विकेट के लिए किसी भी टीम की यह अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। 

भारत को अब मैच में वापसी आने के लिए इस साझेदारी को तोड़ना जरूरी हो गया था। कप्तान विराट कोहली ने 34वें ओवर में गेंद यॉर्करमैन जसप्रीत बुमराह को थमाई। बुमराह ने कोहली के भरोसे पर खरा उतरते हुए ख्वाजा को कुलदीप यादव के हाथों कैच करा दिया। 

Advertisement

पिछले मैच में शतकीय पारी खेलने वाले ख्वाजा इस मैच में शतक से चूक गए। उन्होंने 99 गेंदों पर सात चौके लगाए। उनके आउट होने के बाद ग्लेन मैक्सवेल (23) भी कुलदीप की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। मैक्सवेल ने 13 गेंदों पर दो चौके और एक छक्का लगाया। 

युजवेंद्र चहल ने हैंड्सकोंब को टीम के 271 के स्कोर पर आउट कर ऑस्ट्रेलिया को पांचवां झटका दे दिया। हैंड्सकोंब ने 105 गेंदों पर आठ चौके और तीन छक्के लगाए। हैंड्सकोंब का यह पहला शतक है। 

ऑस्ट्रेलिया को अंतिम पांच ओवरों में 62 रन बनाने थे। लेकिन अपना दूसरा वनडे खेल रहे टर्नर ने दो जीवनदान का पूरा फायदा उठाया। उन्होंने 43 गेंदों पर पांच चौके तथा छह छक्कों की मदद से 84 रन की नाबाद तूफानी पारी खेलकर ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से जीत दिला दी। 

Advertisement

टर्नर का यह पहला अर्धशतक था। टर्नर को उनकी मैच जिताऊ पारी के लिए मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला। 

भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने तीन और भुवनेश्वर कुमार, कुलदीप यादव तथा युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट लिया। 

इससे पहले, शिखर धवन (143) और रोहित शर्मा (95) के बीच पहले विकेट के लिए हुई 193 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी के दम पर भारत ने ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 359 रनों का विशाल लक्ष्य रखा। 

Advertisement

भारत ने नौ विकेट पर 358 रन का विशाल स्कोर बनाया। मोहाली में अबतक का यह किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सर्वोच्च स्कोर है। इससे पहले भारत ने ही 2017 में श्रीलंका के खिलाफ इस मैदान पर चार विकेट पर 392 रन का स्कोर बनाया था। 

भारत की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले विकेट के लिए यह सबसे बड़ी साझेदारी है। इससे पहले शिखर और रोहित ने ही नागपुर में 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले विकेट के लिए 178 रन जोड़े थे। 

200 के करीब होती जा रही इस साझेदारी को झाए रिचर्डसन ने रोहित को आउट कर तोड़ा। रोहित ने 92 गेंदों की पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए। 

Advertisement

इसके बाद शिखर ने लोकेश राहुल (26) के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी कर भारत को 250 के पार पहुंचाया। शिखर टीम के 254 के स्कोर पर पैट कमिंस की गेंद पर बोल्ड हो गए। 

शिखर का वनडे में यह 16वां शतक है। घर में उनका यह पांचवां और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरा शतक है। शिखर ने 115 गेंदों की पारी में 18 चौके और तीन छक्के लगाए। वनडे में उनका यह सर्वोच्च स्कोर है। 

कप्तान विराट कोहली ने सात, ऋषभ पंत ने 36, केदार जाधव ने 10, विजय शंकर ने 26 और जसप्रीत बुमराह ने नाबाद छह रन बनाए। 

Advertisement

ऑस्ट्रेलिया के लिए कमिंस ने पांच विकेट लिए, जो उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन है। रिचर्डसन ने तीन और एडम जम्पा ने एक विकेट लिया।
 

लेखक के बारे में

Saurabh Sharma
Saurabh Sharma is the Editorial Head of Cricketnmore Hindi and a passionate cricket journalist with over 14 years of experience in sports media. He began his journalism career with Navbharat Times, part of the Times of India Group, before moving to television media with Sadhna News. In 2014, he joined Cricketnmore and currently serves as the editor of the platform.
Known for his deep understanding of cricket statistics and unique storytelling approach, Saurabh specializes in cricket news, match analysis, records, and feature stories. Along with editorial responsibilities, he also works as a show producer for popular cricket video series such as Cricket Tales, Cricket Flashback, and Cricket Trivia. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार