ऑस्ट्रेलिया की टीम इस साल जुलाई में सीमित ओवरों की सीरीज के लिए वेस्टइंडीज का दौरा करेगी जो टीम का पिछले पांच वर्षो में कैरेबियाई द्वीपों का पहला दौरा होगा। ऑस्ट्रेलिया और विंडीज के बीच पांच टी20 और तीन वनडे मैचों की सीरीज खेली जाएगी। कोरोना काल में ऑस्ट्रेलिया का यह तीसरा विदेशी दौरा होगा।

Advertisement

दोनों टीमों के बीच सभी टी20 मुकाबले सेंट लुसिया के डेरेन सैमी क्रिकेट ग्राउंड में खेले जाएंगे जबकि वनडे मैच बारबाडोस के केंसिंगटन ओवल मैदान पर खेले जाएंगे। केंसिंगटन ओवल वही मैदान है जहां ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज माइक हसी ने 2010 टी20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ 24 गेंदों पर नाबाद 60 रन बनाए थे।

Advertisement

वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच वनडे सीरीज आईसीसी की वनडे सुपर लीग का हिस्सा होगी जो 2023 वनडे विश्व कप के लिए सीधे तौर पर क्वालीफिकेशन देगी। इस दौरे के लिए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अगले सप्ताह टीम की घोषणा कर सकता है। ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम ने 2016 के बाद से अबतक वेस्टइंडीज का दौरा नहीं किया है।

ऑस्ट्रेलिया की टीम 2016 में त्रिकोणीय सीरीज के लिए वेस्टइंडीज गई थी जिसमें दक्षिण अफ्रीका भी शामिल था। स्टीवन स्मिथ की कप्तानी वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम ने त्रिकोणीय सीरीज के फाइनल में विंडीज को 58 रनों से हराया था।

विंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच नौ जुलाई से पांच मैचों की टी20 सीरीज होगी जो 16 जुलाई तक चलेगी। इसके बाद दोनों टीमों के बीच 20 से 24 जुलाई तक तीन मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी।

लेखक के बारे में

IANS News
IANS is one of the largest independent private Indian news agency in India. Founded in the year 1986 by Indian American publisher Gopal Raju as the "India Abroad News Service" and later renamed. Their main offices are located in Noida, Uttar Pradesh. Read More
ताजा क्रिकेट समाचार