सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी (Syed Mushtaq Ali Trophy 2026) के एक मुकाबले के बाद बड़ौदा के कप्तान और भारतीय अनुभवी ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या (Krunal Pandya) के साथ अप्रिय घटना हुई। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में दर्शकों को ऑटोग्राफ देने पहुंचे क्रुणाल की ओर अचानक जूता फेंका गया। वह समय रहते पीछे हट गए और जूते की चपेट में आने से बच गए।
यह घटना मंगलवार (24 नवंबर) को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई और बड़ौदा के बीच खेले गए मुकाबले के बाद की बताई जा रही है। मैच खत्म होने के बाद क्रुणाल बाउंड्री के पास मौजूद दर्शकों की ओर जा रहे थे। वह वहां मौजूद लोगों को ऑटोग्राफ देने के लिए रुके थे, तभी भीड़ की तरफ से उनकी ओर जूता फेंका गया।
सोशल मीडिया पर सामने आए इस वीडियो में क्रुणाल जूते से बचते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद वह दर्शकों को कथित तौर पर ऐसा व्यवहार दोबारा न करने की चेतावनी देते नजर आए।
VIDEO:
Also Read: LIVE Cricket Score
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2026 में शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं क्रुणाल
मैदान पर क्रुणाल पांड्या का प्रदर्शन अब तक अच्छा रहा है। जारी सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने बड़ौदा के लिए छह मैचों में 11 विकेट लिए हैं। उनका गेंदबाजी औसत 12.63 और इकॉनमी रेट 5.83 रहा है। इसके अलावा उन्होंने बल्ले से 78 रन भी बनाए हैं।