Axar Patel Completes 100 T20I Wickets: भारत और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टी20 मुकाबले में अक्षर पटेल ने एक बड़ा मुकाम हासिल कर लिया। उन्होंने इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक का विकेट लेकर यह खास उपलब्धि हासिल की। इसी के साथ वह इस फॉर्मेट में ऐसा करने वाले पहले भारतीय स्पिनर भी बन गए।
भारत और इंग्लैंड के बीच जारी पांच मैचों की टी20 सीरीज का दूसरा मुकाबला शनिवार (4 जुलाई) को मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले में भारतीय स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल ने अपने नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कर ली।
अक्षर ने इंग्लैंड की पारी का पांचवां ओवर डालते हुए चौथी गेंद पर कप्तान हैरी ब्रूक को आउट किया। ब्रूक उस समय सिर्फ 14 गेंदों में 39 रन बनाकर शानदार बल्लेबाजी कर रहे थे और भारत के लिए खतरा बनते जा रहे थे। उनके विकेट के साथ ही अक्षर ने टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे कर लिए।
इस उपलब्धि के साथ अक्षर पटेल भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 विकेट लेने वाले पहले स्पिनर बन गए। उनसे पहले भारत के लिए सिर्फ तीन तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह और हार्दिक पांड्या ही इस आंकड़े तक पहुंच पाए थे। अब अक्षर इस खास क्लब में शामिल होने वाले चौथे भारतीय गेंदबाज और पहले स्पिनर बन गए हैं। अक्षर टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भारत के लिए 98 मैचों में 21.57 की औसत से 100 विकेट चटका चुके हैं।
भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट
खिलाड़ी मैच विकेट
अर्शदीप सिंह 88 134
जसप्रीत बुमराह 95 121
हार्दिक पांड्या 138 114
अक्षर पटेल 98 100
युजवेंद्र चहल 80 96
कुलदीप यादव 54 95
Also Read: LIVE Cricket Score
मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 190 रन बनाए। टीम के लिए अभिषेक शर्मा ने 24 गेंदों में 43 रन की तेजतर्रार पारी खेली, जबकि ईशान किशन ने 40 गेंदों में 49 और कप्तान श्रेयस अय्यर ने 22 गेंदों में 37 रन का अहम योगदान दिया। आखिर में तिलक वर्मा ने फिनिशिंग पारी खेलते हुए 11 गेंदों में नाबाद 24 रन बनाए।